पुरानी रंजिश में पड़ोसी के सिर पर टंगिया से हमला, बीच-बचाव में दो रिश्तेदार भी घायल, आरोपी को ले जाने पहुंची पुलिस पर पथराव
A neighbour was attacked with a tangia due to an old rivalry, two relatives were injured while trying to intervene, and police arriving to arrest the accused were pelted with stones.
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्दी में गुरुवार रात मातर त्योहार के बीच दो पड़ोसियों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने पड़ोसी के सिर पर टंगिया से हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया. बीच-बचाव करने आए दो रिश्तेदार भी घायल हो गए.
मिली जानकारी के मुताबिक शाम लारीब 7 बजे खिलावन साहू उम्र 50 साल और उनके पड़ोसी कमलेश साहू उम्र 40 साल के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद फिर से भड़क गया. कहासुनी के दौरान आरोपी कमलेश ने अपने घर से टंगिया निकालकर खिलावन साहू के सिर पर वार किया. इस हमले के दौरान बीच-बचाव करने आए कमल साहू और सुरेश साहू पर भी टंगिया से हमला किया गया.
वारदात की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. बड़ी तादाद में ग्रामीण आरोपी के घर के बाहर इकट्ठा हो गए और उसे बाहर निकालने की कोशिश करने लगे. मौके पर अर्जुन्दा पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर मामला शांत कराने की कोशिश की. पुलिस ने आरोपी को करीब एक घंटे तक घर के भीतर सुरक्षित रखा. लेकिन रात करीब 9 बजे जब पुलिस आरोपी को पेट्रोलिंग वाहन से थाने ले जाने लगी. तब भीड़ ने पुलिस गाड़ी पर पथराव कर दिया. इस वारदात के बाद पूरे गांव का माहौल और तनावपूर्ण हो गया.
गंभीर रुप से घायल खिलावन साहू को अर्जुन्दा अस्पताल से राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. वहीं पुलिस ने आरोपी कमलेश साहू को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी है. पुलिस गाड़ी पर पथराव करने वालों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं.
अर्जुन्दा पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. ग्रामीणों से भी अपील की गई कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी विवाद में हिंसा का सहारा न लें. त्योहारों के समय इस तरह के पुरानी रंजिश के मामले अक्सर बढ़ जाते हैं. इसलिए प्रशासन और पुलिस द्वारा सक्रिय निगरानी और समय पर दखल जरुरी है. इस घटना ने यह साफ किया कि पड़ोसी विवाद और व्यक्तिगत रंजिश भी बड़े स्तर पर हिंसा में बदल सकती है. जिससे सामान्य नागरिकों की सुरक्षा को खतरा होता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



