तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार 3 दोस्तों को कुचला, सड़क पर लहूलुहान तड़पते रहे युवक, 2 की मौत, 1 गंभीर, गाड़ी छोड़कर ड्राइवर फरार
A speeding trailer ran over three friends riding a motorcycle; the young men lay writhing in a pool of blood on the road—two died, one is in critical condition, and the driver fled the scene, abandoning the vehicle.
रायगढ़ : रायगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक ही बाइक पर सवार तीन दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई. जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. तीनों युवक पेशे से किसान थे और खेती-किसानी का काम करते थे.
काम से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई के रहने वाले तीन दोस्त- ज्ञानचंद मिर्धा उम्र 21 साल, प्रकाश राठिया उम्र 20 साल और बुटरु उम्र 21 साल रविवार सुबह किसी काम से रायगढ़ शहर आए. सुबह करीब 11 बजे जब तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव महलोई लौट रहे थे. तभी चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में यह हादसा हो गया.
मौके पर ही तड़पते रहे युवक
रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रेलर नम्बर OD16 C 7859 ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक समेत तीनों युवक ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए. हादसे के बाद तीनों लहूलुहान हालत में सड़क पर ही तड़पते रहे.
ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से प्रकाश राठिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की खबर मिलने पर चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद बुटरु को भी मृत घोषित कर दिया. ज्ञानचंद गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है. उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया. चक्रधर नगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही चालक भाग चुका था. पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रेलर को जब्त कर थाने ला लिया है और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस आरोपी ड्राइवर की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



