बाइक को खड़ी कर सड़क पर सोया युवक, अचानक पेट्रोल टंकी फटने से लगी आग, मची अफरा-तफरी, थमने का नाम नहीं ले रही आगजनी की घटना
A young man parked his bike and slept on the road; a petrol tank suddenly exploded, causing a fire, and the fires continued unabated.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते पेट्रोल टंकी फटने से बाइक धू-धू कर जलने लगी. पास में ही चालक गहरी नींद में सोते दिख रहा है. पूरा मामला सर्वमंगला चौकी अंतर्गत ग्राम पड़निया का है.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की देर शाम मनीराम यादव सर्वमंगला से अपने गृह ग्राम पड़निया की तरफ जा रहा था. शराब के नशे की हालत में उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और वहीं सो गया. इसी दौरान बाइक में अचानक आग लग गई.
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पेट्रोल टंकी फटने से क्षेत्र में दहशत फैल गई. मौके से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब जलती बाइक और उसके पास सो रहे चालक पर पड़ी. तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित दूरी पर हटाया.
आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. इसके बाद बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई. घटना की खबर मिलने पर चालक के परिजन मौके पर पहुंचे और नशे में बेसुध मनीराम यादव को घर ले जाया गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते राहगीरों ने हस्तक्षेप नहीं किया होता. तो एक बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में सर्वमंगला चौकी पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
ग्रामीण और शहरी इलाकों में शराब पीकर गाड़ी चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. जिससे न सिर्फ ड्राइवर बल्कि आम लोगों की जान को भी गंभीर खतरा है. नशे में गाड़ी चलाने या सड़क किनारे लापरवाही से गाड़ी पार्क करने से अक्सर एक्सीडेंट, आग लगने और दूसरी अनचाही घटनाएं होती हैं. शराब पीकर सफर करना एक आम समस्या बनती जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



