बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस में दबाव और बहस कर अवैध वसूली का आरोप, आरपीएफ ने 12 किन्नरों को किया गिरफ्तार, यात्रियों से मिली शिकायत पर एक्शन
Allegations of illegal extortion through pressure and argument on the Bilaspur-Chennai Express, RPF arrested 12 transgender people, acting on complaints from passengers.
दुर्ग : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दुर्ग ने 12851 बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस में यात्रियों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 12 किन्नरों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर रविवार को की गई. यात्रियों ने बताया था कि कुछ किन्नर ट्रेन में चढ़कर अवैध वसूली कर रहे थे और पैसे न देने पर परेशान कर रहे थे. मिली जानकारी के मुताबिक ट्रेन रायपुर से दुर्ग की तरफ आ रही थी. इसी दौरान आरपीएफ को खबर मिली कि कुछ किन्नर ट्रेन के अलग-अलग कोचों में जाकर यात्रियों से जबरन पैसे मांग रहे हैं. यात्रियों की शिकायत के बाद आरपीएफ दुर्ग की टीम ने ट्रेन के दुर्ग पहुंचने के फौरन बाद कार्रवाई की और सभी 12 आरोपियों को हिरासत में ले लिया.
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई. कई यात्रियों ने लिखित और मौखिक शिकायत दी थी कि उनसे जबरदस्ती पैसे मांगे जा रहे थे. मना करने पर आरोपियों द्वारा दबाव और बहस की जाती थी. आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और आरोप सही पाए जाने पर सभी 12 किन्नरों को पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। इसके बाद सभी आरोपियों की पूछताछ और दस्तावेज तैयार कर मामले को न्यायालय में भेज दिया गया। अधिकारियों ने चेताया कि ट्रेनों में यात्रियों को परेशान करने और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ आरपीएफ लगातार अभियान चलाती रहेगी।
रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि इस कार्रवाई का मकसद सिर्फ अवैध वसूली रोकना ही नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और सहज यात्रा सुनिश्चित करना भी है. आरपीएफ ने यात्रियों से अपील किया है कि ऐसे किसी भी मामले में फौरन रेलवे अधिकारियों या आरपीएफ टीम को खबर करें। ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके. गिरफ्तार किन्नरों की पहचान की जा रही है और उनके नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश और जांच जारी है. अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि आने वाले समय में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और चलती ट्रेनों में विशेष पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई जा रही है. आरपीएफ दुर्ग की टीम ने यह सुनिश्चित किया कि पकड़े गए 12 किन्नरों के खिलाफ सभी कानूनी प्रावधानों का पालन हो और उन्हें अदालत में कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरी प्रक्रिया पूरी की जाए. अधिकारियों ने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल लगातार यात्रियों की सुरक्षा और कानून का पालन सुनिश्चित करने में कटिबद्ध है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



