सब्जी खरीदने बाजार जा रही महिला से उपर अचानक गिरा बिजली खंभा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की दर्दनाक मौत, लोगों में आक्रोश का माहौल, जांच में जुटी पुलिस

An electric pole suddenly fell on a woman who was on her way to the market to buy vegetables; the Anganwadi worker suffered a tragic death, sparking outrage among the public, and the police have launched an investigation.

सब्जी खरीदने बाजार जा रही महिला से उपर अचानक गिरा बिजली खंभा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की दर्दनाक मौत, लोगों में आक्रोश का माहौल, जांच में जुटी पुलिस

बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. जहां बिजली का खंभा गिरने से एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है.
मिली जानकारी के मुताबिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत मृतका पूर्णिमा वर्मा रोजमर्रा की तरह सब्जी खरीदने के लिए बाजार आई थीं. इसी दौरान अचानक एक बिजली का खंभा गिर पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गईं. सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की खबर मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी की. शुरुआत जांच में सामने आया है कि घटना स्थल के पास पेड़ कटाई का काम चल रहा था. जिससे खंभे की स्थिरता प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है.
कोतवाली थाने के प्रधान आरक्षक रामकृष्ण पटेल ने बताया कि हादसे के वजह की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह साफ नहीं हो पाया है कि बिजली का खंभा किन हालात में गिरा. लेकिन प्रारंभिक तौर पर पेड़ कटाई और आसपास चल रहे काम को भी ध्यान में रखा जा रहा है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही असल वजह का खुलासा हो सकेगा. अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.
लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही गंभीर सवाल खड़े करती है. अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो शायद यह हादसा टल सकता था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और बिजली विभाग के अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट तलब की है. यह हादसा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों पर चल रहे कार्यों की निगरानी को लेकर कई सवाल छोड़ गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t