असिस्टेंट कमांडेंट के बेटे ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, नहीं मिला सुसाइड नोट, कारण अज्ञात, जांच में जुटी पुलिस, परिवार में पसरा मातम, जांच जारी
Assistant Commandant's son hanged himself at home; no suicide note found; reason unknown; police investigating; family in mourning; investigation ongoing
दुर्ग : छत्तीसगढ़ के भिलाई के नेहरु नगर स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. फर्स्ट बटालियन में पदस्थ असिस्टेंट कमांडेंट संतोष कुमार झरिया के 20 साल के आयुष झरिया ने अपने ही घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. घटना गुरुवार शाम 7 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक आयुष घर में अकेला था. उसके पिता विधानसभा ड्यूटी पर थे. जबकि मां और बहन गांव गए हुए थे. जब परिजन वापस लौटे. तब इस घटना का पता चला. घटना की खबर पुलिस को दी गई. जिसके बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंची और जांच शुरू की गई.
खबर मिलते ही स्मृति नगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मौके का मुआयना किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया 1 मई को पूरी की जाएगी. मृतक आयुष झरिया रुंगटा कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था.
शुरूआती जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. इससे खुदकुशी की वजह को लेकर स्थिति और भी संवेदनशील हो गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल युवक के इस कदम के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है.
पुलिस अब युवक के मोबाइल फोन और अन्य निजी वस्तुओं की जांच कर रही है. साथ ही परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. ताकि घटना के पीछे के हालात को समझा जा सके.
इस घटना के बाद परिवार में गहरा सदमा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों के मुताबिक आयुष सामान्य व्यवहार का था और किसी बड़ी परेशानी की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है.
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच में युवक की दिमागी हालत पारिवारिक हालात और अन्य व्यक्तिगत कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है. पोस्टमार्टम के बाद शव को गृहग्राम जबलपुर भेजा जाएगा. जहां परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।कई सवाल छोड़ गई.
यह घटना केवल एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षा बलों के परिवारों के लिए भी चिंता का विषय बन गई है. एक युवा द्वारा इस तरह का कदम उठाना कई अनुत्तरित सवाल खड़े करता है. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



