बॉलीवुड इंडस्ट्री को बड़ा झटका, नहीं रहे अंग्रेजों के जमाने के जेलर, दिग्गज अभिनेता असरानी का निधन, फिल्म जगत में शोक की लहर
Bollywood industry suffers major setback as British-era jailer passes away; veteran actor Asrani passes away, film industry mourns
मुंबई : दीवाली के दिन देश के लिए एक बेहद दुखद खबर आई है. हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसाने वाले असरानी अब हमारे बीच नहीं रहे. 84 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. बताया जा रहा है कि उन्होंने शाम करीब 4 बजे अस्पताल में अंतिम सांस ली.
असरानी पिछले काफी समय से फेफड़ों से जुड़ी समस्या के कारण बीमार चल रहे थे. उन्हें पांच दिन पहले ही इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी. दीवाली के त्यौहार पर उनके निधन की खबर से पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई.
1 जनवरी 1941 को जयपुर में जन्मे असरानी ने अपने अभिनय की शुरुआत 1967 में फिल्म ‘हरे कांच की चूड़ियां’ से की थी. हालांकि उन्हें असली पहचान ‘शोले’ फिल्म में निभाए गए जेलर के किरदार से मिली. जिसका डायलॉग “हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं” आज भी लोगों की जुबान पर है. अपनी अनोखी कॉमिक टाइमिंग और यादगार किरदारों से उन्होंने दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन किया.
असरानी के निधन पर बॉलीवुड की तमाम हस्तियों और उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है. उनका जाना भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है.
पिछले कई दशकों में गोवर्धन असरानी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार किरदार दिए और दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई। उनका करियर 50 साल से भी लंबा था और उन्होंने 350 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. 1970 के दशक में उनका चरम समय था, जब वे सबसे भरोसेमंद और लोकप्रिय किरदार वाले अभिनेता के रूप में जाने जाते थे. उन्होंने ‘मेरे अपने’, ‘कोशिश’, ‘बावर्ची’, ‘परिचय’, ‘अभिमान’, ‘चुपके चुपके’, ‘छोटी सी बात’, ‘रफू चक्कर’ जैसी फिल्मों में अहम भूमिका निभाई.
उनकी कॉमिक टाइमिंग और संवाद बोलने का तरीका दर्शकों को हमेशा याद रहेगा. अभिनय के अलावा असरानी ने कुछ फिल्मों में निर्देशन और कहानी लेखन भी किया. उन्होंने ‘चल मुरारी हीरो बनने’, ‘सल्लाम मेमसाब’ जैसी फिल्मों को निर्देशित किया. गुजराती सिनेमा में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई. हाल ही में वे ‘धमाल’ जैसी हास्य फिल्मों में भी काम करते रहे। उनका योगदान हिंदी सिनेमा में लंबे समय तक याद किया जाएगा. उनके परिवार, सहयोगियों और फैंस इस खबर से बेहद दुखी हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



