उधारी वसूली के नाम पर सरेआम गुंडागर्दी, कोयला कारोबारी के घर घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी, पुलिस ने 3 आदतन बदमाशों को किया गिरफ्तार

Brazen thuggery in the name of debt recovery: coal trader assaulted and threatened with death after his home was stormed; police have arrested three habitual offenders.

उधारी वसूली के नाम पर सरेआम गुंडागर्दी, कोयला कारोबारी के घर घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी, पुलिस ने 3 आदतन बदमाशों को किया गिरफ्तार

रायगढ़ : रायगढ़ शहर में उधारी रकम की वसूली के नाम पर सरेआम गुंडागर्दी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. स्थानीय आशीर्वाद पूरम कॉलोनी में बीते 11 जून की दोपहर एक कोयला कारोबारी के घर में जबरन घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की खौफनाक धमकी देने वाले कोतवाली थाने के चिन्हांकित गुंडा बदमाश कपिल सोलंकी को पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तीनों आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक आशीर्वाद पूरम कॉलोनी निवासी कोयला ट्रांसपोर्टर कमलेश सिंह उम्र 52 साल ने 13 जून को कोतवाली थाने रिपोर्ट दर्ज कराया कि कुडेकेला के रहने वाले ललेश अग्रवाल का उनके ऊपर करीब सात लाख रुपये का पुराना बकाया था. व्यापार में आर्थिक हालत खराब होने की वजह से वे पिछले तीन साल से यह रकम नहीं चुका पा रहे थे.
इसी बकाया रकम की आड़ में 11 जून की दोपहर गुंडा बदमाश कपिल सोलंकी अपने हाथों में लकड़ी का डंडा लेकर मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ कारोबारी के घर आ धमका. इन बदमाशों ने कमलेश को सरेआम मर्डर करवा देने की धमकी दी. आरोपियों ने बकाया रकम के एवज में दस लाख रुपये की अवैध मांग की और दहशत फैलाते हुए कारोबारी की डंडे व हाथ-मुक्कों से बेदम पिटाई कर दी.
इस वारदात की रिपोर्ट मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 351(3), 115(2), 331(1) और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 315/2026 दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस टीम ने सबसे पहले मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को उसके ठिकानों पर दबिश देकर दबोचा. पुलिसिया पूछताछ में जब उसने अपने दोनों सहयोगियों की संलिप्तता कबूल कर ली. तो पुलिस ने छापेमारी कर मनीष परियानी और गिरीश माखीजा को भी गिरफ्तार कर लिया.
तीनों आरोपियों का रहा है लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड की सघन जांच में यह तथ्य सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तीनों ही आरोपी जरायम की दुनिया के पुराने खिलाड़ी हैं. स्टेशन चौक गुजरातीपारा का रहने वाला 36 साल का कपिल सोलंकी कोतवाली थाने का लिस्टेड गुंडा बदमाश है. साल 2014 से अपराधों में शामिल कपिल पर हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट के तीन मामले, बलवा के चार और मारपीट के नौ गंभीर जुर्म दर्ज हैं. इसी तरह सिंधी कॉलोनी पक्की खोली निवासी 34 साल का मनीष परियानी पर चक्रधरनगर थाने में वर्ष 2010 से लूट, प्रताड़ना, आबकारी और जुआ-सट्टा के कई मामले दर्ज हैं. उस पर अब तक 13 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हो चुकी है और उसे जिला बदर भी किया जा चुका है.
वहीं, इसी कॉलोनी के 38 साल का गिरीश माखीजा पर भी जुआ, सट्टा और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं. जिसके चलते चक्रधरनगर पुलिस उसका नाम गुंडा लिस्ट में दर्ज करने की तैयारी कर रही है.
गिरफ्तार आरोपी
1. कपिल सोलंकी पिता जयराम सोलंकी उम्र 36 साल निवासी स्टेशन चौक गुजरातीपारा, थाना कोतवाली, जिला रायगढ़ (छ.ग.)
2. मनीष परियानी पिता कैलाश परियानी उम्र 34 साल निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ (छ.ग.)
3. गिरीश माखीजा पिता सुरेश माखीजा, उम्र 38 साल निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ (छ.ग.)
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t