जंगल में हिरण का शिकार, वन विभाग ने दी दबिश, पर्यटन मंडल के रिसार्ट में मिला पका मांस, मैनेजर समेत 4 कर्मचारी गिरफ्तार, आरोपी सप्लायर फरार
Deer hunted in the forest, Forest Department raided, cooked meat found in Tourism Board resort, manager and four employees arrested, accused supplier absconding.
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा स्थित कुरदर वैली रिसॉर्ट में हिरण का मांस पकाने का मामला सामने आया है. खबर मिलते ही वन विभाग की टीम ने रिसॉर्ट में दबिश दी और किचन से पका हुआ मांस जब्त किया. वन विभाग ने दबिश देकर मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. जबकि सप्लायर फरार बताया जा रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक बेलगहना से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित कुरदर वैली रिसॉर्ट में वन्यजीव संरक्षण कानून का खुला उल्लंघन किया जा रहा था. किचन के बाहर चूल्हे पर संदिग्ध मांस पकाया जा रहा था. मुखबिर से खबर मिलने पर वन विभाग की टीम ने शाम करीब 6 बजे मौके पर दबिश दी. इस कार्रवाई के दौरान पका हुआ मांस, कढ़ाई और अन्य सामग्री जब्त की गई.
इस कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने रिसॉर्ट के मैनेजर समेत 4 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में रजनीश सिंह, रमेश यादव, संजय वर्मा और रामकुमार टोप्पो शामिल हैं. वहीं इस पूरे मामले में मांस सप्लाई करने वाला आरोपी जनक बैगा फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
जब वन विभाग के अफसरों ने मैनेजर रजनीश सिंह और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की. तो उन्होंने अपने आपको निर्दोष बताया. सभी ने मांस के बारे में जानकारी होने से इंकार किया और कुक रामकुमार टोप्पो को दोषी ठहराया. वहीं, कुक रामकुमार ने कहा कि उसे इस बारे में कुछ नहीं पता था. और उसे गांव के जनक बैगा ने पत्ते में मांस दिया था.
वन विभाग ने जब्त मांस को जांच के लिए जबलपुर लैब भेजने की योजना बनाई है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि यह हिरण का मांस है या नहीं। वन विभाग की जांच में हिरण के अन्य अवशेषों का कोई पता नहीं चल सका है. जांच में हिरण के मांस की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह रिसॉर्ट पर्यटन विभाग द्वारा संचालित है. जहां 8 से 10 कर्मचारी कार्यरत हैं. ऐसे में इस तरह की गतिविधि सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और फरार आरोपी की तलाश जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



