खेल परिसर में स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों के विरोध के बावजूद खुल गई शराब दुकान, पुलिस ने कांग्रेस के पार्षद भूपेंद्र यादव को किया गिरफ्तार

Despite protests from local residents and athletes, a liquor shop opened in the sports complex; police arrested councillor Bhupendra Yadav.

खेल परिसर में स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों के विरोध के बावजूद खुल गई शराब दुकान, पुलिस ने कांग्रेस के पार्षद भूपेंद्र यादव को किया गिरफ्तार

दुर्ग : भिलाई में शराब दुकान के स्थानांतरण को लेकर स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों के विरोध के बावजूद आबकारी विभाग ने आखिरकार खुर्सीपार स्थित पं. दीनदयाल स्टेडियम खेल परिसर में दुकान खोल दी. प्रशासन ने करीब 100 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती के बीच दुकान शुरु की गई. इस दौरान विरोध का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस पार्षद और खुर्सीपार जोन अध्यक्ष भूपेंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. जिससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक पहले यह शराब दुकान खुर्सीपार के राजेन्द्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 51 में स्थित थी. लेकिन वहां लगातार विवाद और हत्या जैसी वारदातें सामने आने के बाद इसे 200 मीटर दूर उसी वार्ड में स्थानांतरित किया गया था. वहां भी लोगों ने विरोध किया। जिसके चलते अब आबकारी विभाग ने इसे पं. दीनदयाल स्टेडियम परिसर में स्थानांतरित कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह गलत है. क्योंकि यह स्थान खिलाड़ियों की प्रैक्टिस और युवाओं के खेल प्रशिक्षण का केंद्र है.
नगर निगम प्रशासन की लापरवाही भी इस पूरे विवाद में उजागर हो रही है. बताया जा रहा है कि स्टेडियम के निर्माण को 15 साल से ज्यादा का समय हो चुका है. लेकिन आज तक यहां की दुकानों की नीलामी नहीं की गई. ज्यादातर दुकानें जर्जर हालत में हैं. जिनमें असामाजिक तत्वों, शराबियों और आवारा पशुओं का अड्डा बन गया है. इसी हालात को देखते हुए क्षेत्रीय लोगों और खिलाड़ियों ने शराब दुकान खोलने के विरोध में मोर्चा खोला था.
पार्षद भूपेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने जनभावनाओं को ठेस पहुंचाई है. उन्होंने कहा कि खेल परिसर में शराब दुकान खोलना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. हमने शांति से विरोध दर्ज कराया. लेकिन हमें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है. यह लोकतंत्र की हत्या है. यादव की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों ने क्षेत्र में नारेबाजी करते हुए दुकान बंद करने की मांग की.
नगर निगम भिलाई की सामान्य सभा की बैठक के बीच खबर आई कि जोन अध्यक्ष भूपेंद्र यादव (पार्षद) को खेल परिसर में शराब दुकान का विरोध करने पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. यह सुनते ही सदन में हड़कप मच गया. महापौर नीरज पाल ने सभापति गिरवर ‘बंटी’ साहू से सभा स्थगित करने की मांग की.
वहीं प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि शराब दुकान का स्थानांतरण विभागीय प्रक्रिया के तहत किया गया है और सुरक्षा की नजरिए से यह स्थान उपयुक्त पाया गया. विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े.
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि शराब दुकान को स्टेडियम परिसर से हटाया जाए और इस क्षेत्र को पूर्ण रुप से खेल गतिविधियों के लिए संरक्षित किया जाए. उनका कहना है कि अगर प्रशासन ने फैसला वापस नहीं लिया. तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t