टिकरापारा में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश, एक महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, 7 लाख के जेवर बरामद
Gang of thieves targeting vacant houses in Tikrapara busted; three suspects, including a woman, arrested, and jewelry worth ₹7 lakh recovered.
रायपुर : राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के जेवर बरामद किए हैं. खास बात यह है कि इस गैंग के एक मुख्य सदस्य का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है.
दो अलग-अलग चोरियों का हुआ खुलासा…
मिली जानकारी के मुताबिक टिकरापारा इलाके के रावतपुरा फेस-02 में रहने वाले श्याम तांती ने सितंबर महीने में घर का ताला टूटने और अलमारी से नकदी, जेवरात और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके अलावा रावतपुरा कॉलोनी के ही रहने वाले देवनारायण साहू ने भी सितंबर से अक्टूबर के बीच उनके घर हुई ऐसी ही चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. दोनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.
सीसीटीवी फुटेज और तकनीक की मदद से पकड़े गए आरोपी
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों के आवागमन के रास्तों का तकनीकी विश्लेषण किया. इसके साथ ही, हाल ही में जेल से छूटे पुराने अपराधियों और मुखबिरों से मिली ख़बरों का मिलान किया गया. तफ्तीश के दौरान पुलिस को पुख्ता सुराग मिले. जिसके आधार पर लक्ष्मण महानंद और खोकन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना कबूल कर लिया
महिला आरोपी भी शामिल, जेवर बेचने में करती थी मदद
जांच के आगे बढ़ने पर यह बात सामने आई कि चोरी किए गए सोने के कुछ गहनों को बेचने के लिए दुरपती बाई साहू नामक महिला को सौंपा गया था. पुलिस ने मामले में संलिप्तता पाए जाने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पूरी तरह से जब्त कर लिए हैं और तीनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपी
0 लक्ष्मण महानंद पिता चंचल महानंद उम्र 28 साल निवासी बी.एस.यू.पी. कॉलोनी, रावतपुरा फेस-01, ब्लॉक नंबर 16, मकान नंबर 12, थाना टिकरापारा, रायपुर
(यह आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है)
0 शेख खोकन पिता शेख फजलू, उम्र 37 साल निवासी गोवर्धन बाड़ा, तेलीबांधा, रायपुर
0 दुरपती बाई साहू पति राम खिलावन साहू उम्र 37 साल निवासी रावतपुरा बी.एस.यू.पी. कॉलोनी, रावतपुरा फेस-01, ब्लॉक नंबर 05, मकान नंबर 17, थाना टिकरापारा, रायपुर
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



