किराना दुकान की आड़ में गांजा बिक्री के गोरखधंधे का पर्दाफाश, 10 साल कर रहे अवैध कारोबार के आरोपी मां-बेटे समेत चार गिरफ्तार

Ganja sale racket under the guise of grocery shop exposed, four arrested including mother-son accused of running illegal business for 10 years, investigation of network continues

किराना दुकान की आड़ में गांजा बिक्री के गोरखधंधे का पर्दाफाश, 10 साल कर रहे अवैध कारोबार के आरोपी मां-बेटे समेत चार गिरफ्तार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटमी चौकी के ग्राम पथर्रा बस स्टैंड पर एक किराना दुकान की आड़ में गांजा बिक्री के गोरखधंधे का पर्दाफाश हुआ. 
मिली जानकारी के मुताबिक मुखबिर की खबर पर कोटमी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अरविंद मिश्रा के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और साइबर सेल जीपीएम की संयुक्त टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी सीमा गुप्ता, उसकी बेटी रेणु गुप्ता, बेटा हिमांशु गुप्ता और सहयोगी अथर गिरी उर्फ अजय को गांजा और नकद राशि के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया. सभी आरोपी ग्राम पथर्रा के निवासी हैं.
जांच में खुलासा हुआ कि सीमा गुप्ता पिछले 10 साल से गांव में अवैध कब्जे पर रहकर नशीले पदार्थों की तस्करी कर रही थी. वह पहले अवैध शराब तस्करी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में भी शामिल रही है. जिसके लिए पेंड्रा थाने में उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि सीमा और उसका परिवार गांव में दहशत का माहौल बनाए हुए था. गांजा बिक्री से कमाए धन से उन्होंने पक्का मकान और महंगी मोटरसाइकिलें खरीदीं.
पूछताछ में पता चला कि गांजा की आपूर्ति के लिए सीमा का बड़ा बेटा अविनाश गुप्ता उर्फ शानू, छोटा बेटा हिमांशु, भांजा अथर गिरी, और सहयोगी महेंद्र गिरी उर्फ मधुर शामिल थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस ने 8.470 किलोग्राम गांजा, 59,190 रुपये नकद, और तीन मोबाइल फोन (कीमत 25,000 रुपये) जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 1,68,890 रुपये है. आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है.
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव, सनत म्हात्रे, प्रधान आरक्षक चौपाल कश्यप, रवि त्रिपाठी, आरक्षक राजेश शर्मा, इंद्रपाल आर्मो, हर्ष गहरवार, और महेंद्र परस्ते की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB