शादीशुदा प्रेमिका से बात करने का खौफनाक अंजाम, आंखों में मिर्च झोंकी, फिर पत्थर से वार| आधी रात जिम संचालक बाउंसर का मर्डर, चार आरोपी गिरफ्तार
Horrific outcome of talking to a married lover: chili powder thrown in eyes, followed by a blow with a stone. Gym owner-cum-bouncer murdered at midnight; four accused arrested.
बिलासपुर/कोटा : बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर हुई जिम संचालक युवक की निर्मम हत्या के मामले में कोटा पुलिस ने फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर पहले मारपीट की और फिर बड़े पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी आलोक सिंह निवासी रेलिया जयरामनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 जून 2026 की शाम वह अपने साथी यशु पोर्ते और निखिल गोस्वामी के साथ होटल 4 सीजन के आगे कच्चे मार्ग में बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान रात करीब 8:45 बजे दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे.
आंख में मिर्च पाउडर डालकर पीटा
बताया गया कि मृतक निखिल गोस्वामी ने उनमें से एक आरोपी दीपक दास उर्फ भोला दास को पहचान लिया. इसके बाद आरोपी भोला ने निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. घटना के दौरान निखिल ने अपने साथियों को वहां से भागकर घरवालों को खबर देने को कहा. इसके बाद आरोपी युवक को गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए.
हॉस्पिटल में डाक्टरों ने घोषित किया था मृत
डायल 112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि निखिल गोस्वामी का सिर बड़े पत्थर से कुचल दिया गया था और अत्यधिक खून बह चुका था. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. थाना कोटा में अपराध क्रमांक 433/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया.
पत्नी से बात करने पर नाराज था आरोपी
पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही. आखिरकार 11 जून 2026 को पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बतलाया कि मृतक उसकी पत्नी से बात किया करता था. जिससे वह नाराज था और उसने गुस्से में आकर मृतक की हत्या कर दी.
ये आरोपी पकड़े गए
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक दास उर्फ भोला दास मानिकपुरी निवासी भुंडा, निखिल राव उर्फ निक्कू निवासी देवनगर कोनी, करण दास मानिकपुरी निवासी देवनगर कोनी और कुश साहू उर्फ बुतरू निवासी तेलियापुराण भरारी शामिल हैं. पूरे मामले की कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, मनमोहन कोसले तथा एसीसीयू बिलासपुर की विशेष भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



