आधी रात रेनकोट और नकाब पहनकर घर में घुसा बदमाश, इलाके में फैली सनसनी, खौफनाक वारदात CCTV में कैद, जांच में जुटी मगरलोड पुलिस
Miscreant enters house at midnight wearing a raincoat and mask; panic grips the area; chilling incident captured on CCTV; Magarlod police investigating.
धमतरी/भेण्डरी : धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र स्थित भेण्डरी गांव में देर रात एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. भेण्डरी गांव में एक अज्ञात बदमाश रात के समय घर में घुस गया और चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की. इस दौरान घर में मौजूद महिला पर भी उसने हमला कर दिया. जिससे वह घायल हो गई. पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के मुताबिक एक अज्ञात बदमाश रेनकोट और चेहरे पर नकाब पहनकर एक मकान में घुस गया. घर में मौजूद महिला ने जब उसकी आहट महसूस की और विरोध करने की कोशिश की. तो आरोपी ने उस पर हमला कर दिया. हमले में महिला घायल हो गई. इसके बाद बदमाश घर से सामान लेकर फरार हो गया. पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.
वारदात के बाद घायल महिला के परिजनों ने फौरन पुलिस को खबर दी. खबर मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है.
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए रेनकोट और चेहरे पर नकाब पहन रखा था. ताकि उसकी पहचान न हो सके. हालांकि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी गतिविधियां कैद हो गई हैं. पुलिस फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है. और संदिग्ध की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
वारदात के बाद भेण्डरी गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है. फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है. मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



