गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इनोवा से 196 किलो गांजा जब्त, युवती समेत 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 2 लक्जरी कार बरामद

Major action by Gariaband police, 196 kg ganja seized from Innova, 3 interstate smugglers including a girl arrested, 2 luxury cars recovered

गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इनोवा से 196 किलो गांजा जब्त, युवती समेत 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 2 लक्जरी कार बरामद

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ की गरियाबंद पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 90 किलो गांजा पकड़ा है. जिले में पहली बार इतनी बड़ी तादाद में गांजा तस्करी पकड़ी गई है. यह गांजा उड़ीसा से गरियाबंद होते हुए जबलपुर मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था. इस मामले में तीन आरोपियों में एक युवती भी शामिल है. वहीं इनोवा समेत दो कार भी जप्त की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को खबर मिली कि दो गाड़ियां, बलेनो MP20 ZT 4766 और इनोवा MP20 TA 1544 अवैध गांजा लेकर गरियाबंद की तरफ आ रही हैं. इस पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मालगांव के पास मोबाइल चेक पोस्ट (MCP) लगाया. जैसे ही दोनों गाड़ियां आईं. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. आरोपियों ने फिल्मी अंदाज़ में गाड़ियां भगाने और भागने की कोशिश की. लेकिन पुलिस के जाल से बच नहीं पाए.
छुआ से लगातार पीछा करते हुए मालगांव इलाके में इनोवा समेत दो कार को पुलिस वाहन सी.पी.आर से ठोकर मारकर रोका गया. कार में सवार दो युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि जबलपुर में गांजे की कीमत ज्यादा मिलने की वजह से वे उड़ीसा से गांजा खरीदकर ले जा रहे थे.
पुलिस की विशेष टीम और सिटी कोतवाली की संयुक्त कार्रवाई में 196 किलो 120 ग्राम गांजा, दो लग्जरी कारें (इनोवा और बलेनो), चार मोबाइल समेत कुल ₹40 लाख 81 हजार की संपत्ति जब्त की गई. इस कार्रवाई में चार अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
इनोवा से आरोपी मिथुन झारिया उम्र 27 साल, आयुषी मिश्रा उम्र 20 साल और बलेनो से सुमित सामासी उम्र 27 साल को पकड़ा गया. जबकि बलेनो में सवार एक अन्य आरोपी मौके से कूदकर फरार हो गया था. पुलिस ने जांच के दौरान उसे भी गिरफ्तार कर लिया. जिसकी पहचान कोशल सिंह उम्र 36 साल निवासी भिलाई के रुप में हुई.
पुलिस ने जांच के दौरान इनोवा से 101.20 किलो गांजा (कीमत ₹10.12 लाख) और बलेनो से 95.100 किलो गांजा (कीमत ₹9.51 लाख) बरामद किया. इसके अलावा इनोवा व बलेनो कार (कीमत ₹21 लाख) और चार मोबाइल (कीमत ₹18 हजार) भी जब्त किए गए. कुल जब्त संपत्ति की कीमत ₹40 लाख 81 हजार आंकी गई है.
मुख्य आरोपी मिथुन झारिया के खिलाफ जबलपुर (म.प्र.) में आबकारी एक्ट, चोरी, मारपीट और जुआ समेत कुल 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकार्ड की भी जांच की जा रही है. पकड़े गए तस्करों के अलावा कुछ तस्कर फरार हैं उनकी भी खोज खबर ली जा रही है
गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(B) के तहत जुर्म दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया. यह कार्रवाई गरियाबंद एसपी के निर्देशन में की गई, जिसमें सिटी कोतवाली गरियाबंद और स्पेशल टीम की बड़ी भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t