गुढियारी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका, आत्महत्या दिखाने का प्रयास!, पति के बयान से उलझा मामला, क्राइम सीन से छेड़छाड़ का आरोप
Married woman dies in Gudhiyari, suspected of murder, attempt to pass off as suicide!, husband's statement complicates the case, allegation of tampering with the crime scene
रायपुर : राजधानी के गुढियारी थाना क्षेत्र स्थित आंबेडकर चौक में एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है. जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. मृतका की पहचान पिंकी गुप्ता के रूप में हुई है. इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति सुरेश गुप्ता और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक़ पिंकी गुप्ता की मौत संदिग्ध हालात में उनके घर पर हुई. पति सुरेश गुप्ता का दावा है कि उनकी पत्नी ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है. हालांकि इस मामले में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं जो इस घटना को शक के घेरे में खड़ा करते हैं.
सबसे बड़ा आरोप यह है कि पति ने पुलिस को खबर देने से पहले एंबुलेंस को बुलाया और कथित रूप से क्राइम सीन से छेड़छाड़ की. बताया जा रहा है कि डायल 112 को खबर देने से पहले ही एंबुलेंस को मौके पर बुला लिया गया था. एंबुलेंस स्टाफ ने जब हालत देखी तो उन्होंने खुद पुलिस को खबर दी. इस घटनाक्रम ने मामले को और ज्यादा संदिग्ध बना दिया है.
मृतका के परिजनों का आरोप है कि उन्हें घटना की सही जानकारी समय पर नहीं दी गई. परिजनों के मुताबिक उन्हें सुबह करीब 4 बजे फोन कर बताया गया कि पिंकी गुप्ता को पेट दर्द की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उस समय परिजन उत्तर प्रदेश के बनारस में थे. बाद में उन्हें फोन कर पिंकी की मौत की खबर दी गई. इस तरह की जानकारी ने परिजनों के शक को और बढ़ा दिया है.
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पिंकी गुप्ता को पिछले 22 साल से संतान न होने की वजह से पति और ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. उनका कहना है कि यह मौत खुदकुशी नहीं, बल्कि प्रताड़ना का परिणाम हो सकती है.
इस मामले की गंभीरता इस बात से भी बढ़ जाती है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पुलिस के लिए यह एक अहम बिंदु है, जो खुदकुशी के दावे पर सवाल खड़े करता है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



