सरपंच पर डंडा और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर उतारा मौत के घाट, प्रेम प्रसंग के शक में परिजनों ने हत्या की वारदात को दिया अंजाम, 7 आरोपी गिरफ्तार
Sarpanch beaten to death in a fatal attack using sticks and iron rods; relatives committed the murder over suspicions of a love affair; seven accused arrested.
कोंडागांव : कोंडागांव जिले के मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग के शक में पूर्व नियोजित तरीके से सरपंच की पिटाई कर हत्या की थी. वारदात के बाद शव को जंगल में छोड़ दिया गया और आरोपी रात भर आसपास मौजूद रहे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डंडा और लोहे का रॉड भी बरामद किया है. यह मामला 29-30 सितंबर की दरम्यानी रात का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 30 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सीएचसी फरसगांव से थाना बड़ेडोंगर पुलिस को खबर मिली कि ग्राम मोहपाल के वर्तमान सरपंच मंगल सिंह मरकाम की अज्ञात लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी है. खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर एफएसएल टीम, साइबर टीम, बड़ेडोंगर थाना पुलिस और रक्षित केंद्र कोण्डागांव का पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने सबूत जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की.
जांच के दौरान मिट्ठू राम नेताम से गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि सरपंच मंगल सिंह मरकाम का आरोपी परिवार की एक महिला से प्रेम प्रसंग होने का शक था. इसी बात को लेकर आरोपियों के मन में रंजिश थी. मिट्ठू राम नेताम, श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नवलू वट्टी, राकेश मण्डावी और प्रभु लाल नेताम ने मिलकर सरपंच पर हमला करने की प्लान बनाई थी. 29 सितंबर को सरपंच के उस रास्ते से आने की जानकारी मिलने के बाद सभी आरोपी पगडंडी मार्ग और नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठ गए.
जैसे ही मंगल सिंह मरकाम वहां पहुंचे. आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया. आरोप है कि इसके बाद हाथ, थप्पड़, चप्पल, डंडे और लोहे के रॉड से उनके साथ जमकर मारपीट की गई. आरोपियों ने सरपंच के हाथ बांध दिए और लगातार हमला करते रहे. मारपीट के बाद आरोपियों ने मंगल सिंह को घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया. इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रात भर वहीं रुके रहे. सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
बाद में परिजनों ने मंगल सिंह मरकाम को घायल हालत में देखा और उन्हें इलाज के लिए सीएचसी फरसगांव ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस मामले में थाना बड़ेडोंगर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान धारा 61(2)(क) और 191(2) बीएनएस भी जोड़ी गई. आरोपी मिट्ठू राम नेताम के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा और लोहे का रॉड जब्त किया है.
पुलिस ने मामले में मिट्ठू राम नेताम उम्र 45 साल, श्रवण कुमार नेताम उम्र 20 साल, अमित कुमार नेताम उम्र 20 साल, लखन नेताम उम्र 25 साल, नवलू वट्टी उम्र 28 साल, राकेश मण्डावी उम्र 21 साल और प्रभु लाल नेताम उम्र 20 साल को गिरफ्तार किया. सभी आरोपी ग्राम मोहपाल थाना बड़ेडोंगर के निवासी हैं.
सातों आरोपियों को 1 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सोरी सहित बड़ेडोंगर थाना स्टाफ, साइबर टीम कोण्डागांव और रक्षित केंद्र के जवानों की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



