फेसबुक में हुई पहचान, शादी का झांसा देकर फ्रेंड ने युवती से किया दुष्कर्म, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को पहुंचाया जेल
Met on Facebook, friend raped the girl by luring her with marriage, police sent the accused to jail within 24 hours
रायगढ़ : पुसौर थाना क्षेत्र में एक युवक और युवती की सोशल मीडिया पर जान-पहचान हुई. युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 28 साल की युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2024 में उसकी पहचान फेसबुक के जरिए मीनकेतन पाव उम्र 27 साल निवासी थाना जूटमिल क्षेत्र से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर बातचीत बढ़ी और मीनकेतन ने युवती को शादी का झांसा देना शुरु किया. युवती ने बताया कि छह अप्रैल को उसके गांव बरात आई थी. जिसमें मीनकेतन भी शामिल था. बारात के दौरान मीनकेतन ने युवती से फोन पर संपर्क किया और घर का पता पूछकर सीधे उसके घर आ पहुंचा.
पीड़िता ने बताया कि मीनकेतन ने उससे बातचीत करते हुए जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और फिर शादी से साफ इंकार कर दिया. खुद को ठगा महसूस कर युवती ने अपने परिजनों के साथ थाना पुसौर पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
पुसौर थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और टीम बनाकर आरोपी मीनकेतन पाव को हिरासत में ले लिया. मेडिकल जांच सहित सभी विधिक प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को अदालत में पेश किया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
महिला अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के साथ उप निरीक्षक संध्या कोका, उनि कुंदन लाल गौर, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी और महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना एवं स्टाफ की विशेष भूमिका रही. पुलिस ने साफ किया है कि महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों पर त्वरित व कठोर कार्रवाई की नीति आगे भी जारी रहेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



