पहले से दुश्मनी-कुत्ता बन गया वजह, लावारिश कुत्ते को भगाने पर विवाद, ग्रामीण को लाठी और पत्थर से पीटा, इलाज के दौरान मौत, 4 आरोपी गिरफ्तार
Pre-existing enmity; a dog became the trigger—a dispute arose over chasing away a stray dog, a villager was beaten with sticks and stones, he died during treatment, and four accused have been arrested.
बेमेतरा : छत्तीसगढ़ बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में कुत्ते को भगाने की बात पर हुए विवाद में एक व्यक्ति की डंडे और पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ हत्या और सामूहिक रूप से अपराध करने की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक 6 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे बोरतरा निवासी ओमप्रकाश प्रजापति अपनी पत्नी ललिता के साथ खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एक लावारिस कुत्ता उनके पीछे आने लगा. जिसे भगाने के लिए ओमप्रकाश ने कुछ अपशब्द कहे.
वहां मौजूद शिव श्रीवास, सोमनाथ श्रीवास, दीपक श्रीवास और रोशन श्रीवास ने इन अपशब्दों को अपने लिए समझा. जिसके बाद विवाद बढ़ गया. आरोप है कि चारों आरोपियों ने मिलकर ओमप्रकाश के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए पास में पड़े डंडे और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने आईं ओमप्रकाश की पत्नी ललिता को भी चोटें आईं.
इलाज के दौरान अस्पताल में हुई मौत
हमले में ओमप्रकाश के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं. परिजनों ने डायल-112 और 108 पर खबर दी. ओमप्रकाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा ले जाया गया. नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बेमेतरा रेफर किया गया. इलाज के दौरान ओमप्रकाश की मौत हो गई.
पहले से था आपसी रंजिश, कुत्ते वाली घटना बन गया वजह
वारदात की खबर मिलने पर एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा और साजा थाना प्रभारी जनक साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का मुआयना किया गया. पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से आपसी रंजिश और मनमुटाव था. पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना कबूल किया. आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडे, पत्थर और अन्य साबुल जब्त किए गए.
चारो आरोपी गिरफ्तार, ज्यूडिशियल रिमांड पर गए जेल
हत्या के आरोप में पुलिस ने शिवकुमार श्रीवास उम्र 55 साल, रोशन श्रीवास उम्र 27 साल, दीपक श्रीवास उम्र 25 साल और सोमनाथ उर्फ छोटू श्रीवास उम्र 23 साल सभी निवासी बोरतरा को गिरफ्तार किया. आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट के आदेश पर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



