पति-पत्नी की हत्या, हफ्ते भर बाद खुला राज, श्मशान में दफनाया, अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों ने देखा ताजा दफन के निशान, तीन आरोपी गिरफ्तार
Murder of a married couple; the crime came to light after a week. They had been buried at the cremation ground, where villagers noticed signs of a fresh burial during a funeral; three accused have been arrested.
गरियाबंद/मैनपुर : गरियाबंद जिले के मैनपुर राजापड़ाव क्षेत्र के गरीबा से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर उनके शवों बोरे में भरकर एक साथ दोनों को श्मशान घाट में दफना दिया गया था. घटना का खुलासा हत्या के करीब एक हफ्ते बाद हुआ. जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतकों की पहचान राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। वहीं मामले में ग्राम गरीबा निवासी लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा से मिली जानकारी के मुताबिक 6 जून 2026 को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पति-पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. हत्या के बाद सबूत छिपाने की नीयत से दोनों शवों को चुपचाप श्मशान घाट में दफना दिया गया था. ताकि किसी को घटना की भनक न लग सके.
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब हाल ही में गांव के एक अन्य व्यक्ति की मौत के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे. वहां उन्होंने दो अन्य स्थानों पर ताजा दफनाए गए शवों के निशान देखे. ग्रामीणों को यह संदिग्ध लगा. क्योंकि गांव में हाल के दिनों में किसी अन्य व्यक्ति की मौत नहीं हुई थी.
इस दौरान ग्रामीणों को पिछले एक हफ्ते से लापता राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम की याद आई. शक गहराने पर ग्रामीणों ने शोभा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलते ही शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ गरीबा गांव पहुंचे और श्मशान घाट में दफन शवों को खुदवाकर बाहर निकलवाया. जांच के दौरान पुष्टि हुई कि बरामद शव राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के ही हैं.
थाना प्रभारी पवन वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने हत्या में शामिल तीनों आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है.
फिलहाल दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर शोभा थाना लाया गया है. शवों के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में और अहम तथ्य सामने आ सकते हैं.
एक हफ्ते बाद उजागर हुए इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है. वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



