नवापारा–राजिम में साइबर ठगी, सेबी सलाहकार बनकर उपअभियंता से 9.75 लाख की ठगी, पुलिस ने खंगाले डिजिटल सुबूत, बड़े खुलासे की उम्मीद

Cyber ​​fraud in Navapara-Rajim: A deputy engineer posing as a SEBI consultant was duped of ₹9.75 lakh. Police examined digital evidence, hoping for major revelations.

नवापारा–राजिम में साइबर ठगी, सेबी सलाहकार बनकर उपअभियंता से 9.75 लाख की ठगी, पुलिस ने खंगाले डिजिटल सुबूत, बड़े खुलासे की उम्मीद

नवापारा राजिम : तेजी से बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं के बीच नवापारा नगर में एक बड़ा मामला सामने आया है. ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर ठगों ने लोक निर्माण विभाग, गरियाबंद में पदस्थ उपअभियंता कृष्ण कुमार जगने से 9 लाख 75 हजार रुपये की ठगी कर ली. पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए 318(4) बीएनएस सहित संबंधित धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित अधिकारी से एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क कर खुद को सेबी (भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड) से प्रमाणित निवेश सलाहकार बताया. शुरु में मामूली राशि पर तत्काल लाभ दिखाकर उसका भरोसा जीता गया. बाद में अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई भुगतान के जरिए कुल 9.75 लाख रुपये निवेश के नाम पर जमा करा लिए गए.
विश्वासघात का शक होने पर अधिकारी ने सेबी की आधिकारिक वेबसाइट में उक्त सलाहकार की जानकारी खोजी, जहां किसी भी तरह का पंजीकरण नहीं मिला. ठगी की पुष्टि होते ही उपअभियंता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई.
थाना गोबरा नवापारा पुलिस और साइबर प्रकोष्ठ की संयुक्त टीम अब मामले की गहराई से जांच में जुटी है. जिन खातों में धनराशि ट्रांसफर की गई. उनकी तकनीकी जांच, संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पड़ताल, भुगतान पहचान (यूपीआई) और डिजिटल लेन-देन की पूरी श्रृंखला खंगाली जा रही है, शुरुआती जांच में संभावना व्यक्त की गई है कि यह किसी संगठित साइबर गिरोह का कारनामा हो सकता है. जो निवेश के नाम पर लोगों को निशाना बना रहा है.
विशेषज्ञों का कहना है कि अधिक लाभ का लालच साइबर ठगों का प्रमुख हथियार बन चुका है. लगातार जागरुकता अभियानों और चेतावनियों के बावजूद शिक्षित लोग भी इनके जाल में फंस रहे हैं. जो चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है. पुलिस का कहना है कि बैंक एवं सेवा प्रदाता कंपनियों की रिपोर्ट मिलने पर मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना है. मामला वर्तमान में विवेचनाधीन है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t