मोबाइल चोरी कर आधार के फोटो से खोला स्क्रीन लॉक और खाते से उड़ाए लाखों रुपए, साइबर ठगी के संगठित गिरोह का किया पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

Organized cyber fraud gang busted: Stole a mobile, unlocked the screen using a photo of the Aadhaar card, and siphoned off lakhs of rupees from the account; four accused arrested.

मोबाइल चोरी कर आधार के फोटो से खोला स्क्रीन लॉक और खाते से उड़ाए लाखों रुपए, साइबर ठगी के संगठित गिरोह का किया पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर : बिलासपुर जिला की चकरभाठा थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी कर उसके स्क्रीन लॉक को खोलने और आधार की जानकारी के जरिए फोन-पे, पेटीएम आदि UPI एप को रीसेट कर बैंक खातों से रकम निकालने वाले गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल, पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े और चोरी की रकम में से 15 हजार रुपए नगद समेत कुल करीब 75 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया गया है.
बारिश के दौरान मदद के बहाने चोरी किए मोबाइल
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी सूरज सतनामी ने 25 सितंबर 2026 को चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे तेज बारिश की वजह से वह इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास रुका था. इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर गया. होश आने पर उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती पाया गया. जबकि उसका दोस्त वहां मौजूद नहीं था और उसका मोबाइल भी गायब था.
मोबाइल प्रार्थी और उसकी मां के बैंक खातों से लिंक था। तबीयत खराब होने की वजह से वह फौरन मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सका. करीब 2-3 दिन बाद दूसरा सिम लेकर मोबाइल में डालने पर उसे UPI ट्रांजेक्शन के मैसेज मिले. जांच करने पर पता चला कि उसके और उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपए निकाल लिए गए थे.
मोबाइल का स्क्रीन लॉक खोलकर निकाली आधार की जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले. गवाहों के बयान, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से वारदात करना कबूल किया. आरोपियों ने कथित तौर पर मदद करने के बहाने प्रार्थी और उसके दोस्त के मोबाइल चोरी किया. इसके बाद मोबाइल का स्क्रीन लॉक खोलकर गैलरी में रखी आधार कार्ड की फोटो से आधार नंबर की जानकारी हासिल की. इसी जानकारी का इस्तेमाल कर फोन-पे, पेटीएम आदि UPI सेवाओं को आधार के जरिए रीसेट किया और बैंक खातों से रकम निकाली.
ऑनलाइन गेमिंग आईडी में डाले रुपए
निकाली गई रकम को आरोपियों ने आपस में जुड़े खातों में ट्रांसफर किया. इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग आईडी ‘क्रीकबेट’ में रकम डालने के साथ खाने-पीने और कार से घूमने में भी पैसे खर्च किया. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल, पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपए नगद बरामद किए. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस ने मामले में चकरभाठा क्षेत्र के चार युवकों को गिरफ्तार किया है.
ये चार आरोपी गिरफ्तार
विवेक वर्मा (20), पिता मनोज वर्मा, निवासी वार्ड नंबर 09, वर्मा मोहल्ला, चकरभाठा
करन नायक (18 वर्ष 9 माह 24 दिन), पिता बलराम नायक, निवासी विकास नगर, वार्ड नंबर 11, चकरभाठा
गौरी शंकर साहू उर्फ लालू (18 वर्ष 8 माह 5 दिन), पिता शिव मंगल साहू, निवासी विकास नगर, वार्ड नंबर 12, चकरभाठा
गगन उर्फ शिबू साहू (25), पिता स्व. राजकुमार साहू, निवासी वार्ड नंबर 11, चकरभाठा
पुलिस ने आरोपियों के खिलाड़ पुख्ता सबुत मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया.
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
चकरभाठा थाने में अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत BNS की धारा 303(2), 318(4), 238, 112, 3(5) तथा IT Act की धारा 66(C), 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेन्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?