नकली पुलिस बनकर बोले- पुलिस की रेड पड़ी है जेवर उतार लो, सोने की चेन-अंगूठी लेकर थमाए नकली गहने, दिनदहाड़े रिटायर्ड कर्मचारी से ठगी, आरोपी फरार
Posing as police officers, the accused claimed a raid was underway and told the victim to remove their jewelry; after taking the gold chain and ring, they handed over fake ornaments. A retired employee was swindled in broad daylight, and the accused remain at large.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिनदहाड़े नकली पुलिस बनकर बुजुर्ग से ठगी करने का मामला सामने आया है. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग को डराया और सुरक्षा जांच के नाम पर उनके सोने के गहने उतरवा लिए. शातिर आरोपियों ने कुछ ही देर में असली गहनों को नकली गहनों से बदल दिया और बाइक से मौके से फरार हो गए. घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक खरमोरा निवासी समीर चट्टोपाध्याय रिटायर्ड BALCO कर्मचारी बाइक से निहारिका इलाके में नारियल पानी पीने के बाद अपने घर की जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें रोक लिया. दोनों युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि वे काफी देर से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं. आरोपियों ने बुजुर्ग को यह कहकर डराया कि इलाके में पुलिस की रेड चल रही है और उनके पास गांजा होने की खबर मिली है. अचानक पुलिसकर्मी बनकर पहुंचे युवकों की बात सुनकर पीड़ित घबरा गए. इसके बाद आरोपियों ने जांच के नाम पर उनसे पूछताछ शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपियों ने पीड़ित से एक कागज पर दस्तखत भी करवाया.
पूरी घटना के दौरान दोनों आरोपियों ने ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की. जिससे बुजुर्ग को यह लगे कि उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई हो सकती है. इसी डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने उनके गले में पहनी सोने की चेन और हाथ में मौजूद अंगूठी उतारने के लिए कहा. पीड़ित ने आरोपियों को पुलिसकर्मी समझकर दोनों गहने उतार दिया.
इसके बाद आरोपियों ने चेन और अंगूठी को एक पन्नी में रखने का दिखावा किया. उन्होंने ऐसा जताया कि गहनों को सुरक्षित रखने के लिए पन्नी में पैक किया जा रहा है. इसी दौरान शातिर आरोपियों ने हाथ की सफाई दिखाते हुए असली गहनों वाली पन्नी बदल दी. पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी. आरोपियों ने उन्हें ऐसी पन्नी थमा दी. जिसमें नकली चेन और अंगूठी रखी हुई थी.
गहने लेकर दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए. घटना के कुछ समय बाद जब पीड़ित ने पन्नी खोलकर गहनों को देखा तो उन्हें ठगी का पता चला. इसके बाद उन्होंने फौरन सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई.
कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में हुई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है.
पुलिस ने घटना के बाद आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. पुलिस बाइक सवार दोनों आरोपियों के हुलिए, उनकी बाइक और घटना के बाद उनके आने-जाने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटा रही है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की होगी और बुजुर्ग को जानबूझकर निशाना बनाया होगा. जिस तरीके से आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर पहले डराया और फिर गहनों की अदला-बदली की. उससे उनके शातिर तरीके से वारदात करने की बात सामने आती है.
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि वे किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हैं या उन्होंने अकेले इस वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर सड़क पर रोकता है तो उसकी पहचान की पुष्टि जरूर करें. किसी भी तरह की संदिग्ध जांच या गहने उतारने के लिए दबाव बनाए जाने पर फौरन पुलिस से संपर्क करना चाहिए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



