Raipur Breaking : दुकान मालिक के 1,95,000 रुपये गबन करने वाला सेल्समैन अभिषेक प्रधान गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल, चोरी की एक्टिवा बरामद
Raipur Breaking: Salesman Abhishek Pradhan, who embezzled Rs 1,95,000 from the shop owner, was arrested and sent to jail; stolen Activa recovered.
रायपुर : राजधानी रायपुर में दुकान के पैसे का गबन करने वाले एक सेल्समैन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने न सिर्फ दुकान मालिक के 1,95,000 रुपये का गबन किया. बल्कि फरार रहने के दौरान उसने एक एक्टिवा वाहन भी चोरी कर लिया था. संयुक्त कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली है. यह मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर के एम.जी. रोड स्थित “अशोक ब्रदर्स” नामक सेनेटरी दुकान के संचालक राजेश अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि अभिषेक प्रधान नाम का युवक पिछले 4 से 5 साल से उनकी दुकान में सेल्समैन और रिकवरी का काम कर रहा था और वह पूरी तरह विश्वासपात्र बन चुका था.
शिकायतकर्ता के मुताबिक 16 अगस्त 2025 को उन्होंने अभिषेक प्रधान को 1,95,000 रुपये नकद राशि आईसीआईसीआई बैंक के खाते में जमा करने के लिए दी थी. लेकिन आरोपी ने उक्त राशि बैंक में जमा नहीं की और बेईमानीपूर्वक रकम अपने निजी उपयोग में खर्च कर ली. इसके बाद जब दुकान मालिक ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो वह लगातार गायब रहा.
इस दौरान आरोपी के परिजनों ने भी उसकी तलाश करते हुए सिविल लाइन थाना रायपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. वहीं दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी माध्यमों से लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही थी.
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शहर में मौजूद है. खबर के आधार पर पुलिस टीम ने मेकाहारा गेट के पास घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक प्रधान को पकड़ लिया. गिरफ्तारी के समय उसके पास एक एक्टिवा स्कूटी भी थी.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दुकान मालिक के 1.95 लाख रुपये गबन करने की बात कबूल कर ली. वहीं जब उससे एक्टिवा के दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उक्त स्कूटी उसने बिलासपुर के तारबहार थाना क्षेत्र से चोरी की थी.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की एक्टिवा वाहन जब्त कर ली है. वाहन चोरी के मामले में भी आरोपी के खिलाफ धारा 35(1)(4) बीएनएस के तहत अलग से जुर्म दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक प्रधान उर्फ बाबा उम्र 25 साल के रूप में हुई है. जो मूल रूप से ग्राम जाडामुड़ा थाना बसना जिला महासमुंद का निवासी है. वर्तमान में वह न्यू शांति नगर, पुरानी पाइप फैक्ट्री के पास शंकर नगर थाना सिविल लाइन रायपुर में रह रहा था. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने इस तरह की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



