पति के अफेयर का वीडियो बनाना पड़ा भारी, पत्नी की संदिग्ध मौत, हाथ-गर्दन, पैर पर चोट के निशान, मायकेवाले बोले- हत्या की गई, पति बोला- फांसी लगाई
Recording a video of her husband's affair proved costly; the wife died under suspicious circumstances, bearing injury marks on her hands, neck, and legs. Her family alleges murder, while the husband claims she hanged herself.
बिलासपुर : बिलासपुर में शादीशुदा महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. उसके शरीर पर चोट के निशान मिले है. मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कर ससुराल वालों पर केस दर्ज करने की मांग की है. वहीं, महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है. घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है.
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर निवासी अदिति मौर्य उम्र 28 साल की शादी 10 फरवरी 2019 को दयालबंद मधुबन रोड निवासी रविकांत मौर्य से हुई थी. उनकी 13 महीने की बेटी भी है. रविकांत तिफरा सब्जी मंडी में कारोबार करता है. पति का दूसरी महिला से संबंध होने के आरोपों पर विवाद होता था.
पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि वह बेटी को लेकर ऊपर कमरे में सो रहा था. जबकि अदिति नीचे थी. नीचे पहुंचने पर पत्नी बेड पर मिली. उसका दावा है कि अदिति ने सिल्क की साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की थी और फंदा खुलने से नीचे गिर गई.
शादी के बाद से प्रताड़ित किए जाने का आरोप
मृतका के भाई अखिलेश वर्मा ने पुलिस को शिकायत में बताया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अदिति को पति और ससुराल पक्ष शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था. परिवार के लोगों का आरोप है कि अदिति अक्सर फोन पर अपने साथ हो रही मारपीट और उत्पीड़न की जानकारी देती थी.
कई बार उसने मायके पक्ष को यह भी बताया था कि पति उसके साथ मारपीट करता है. उसे प्रताड़ित किया जाता है. परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से अदिति से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा था. जब भी वे उससे बात करने की कोशिश करते तो उसका पति रविकांत मौर्य किसी न किसी बहाने से बात नहीं कराता था. इससे परिवार के लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही थी.
दूसरी महिला से संबंध होने पर विवाद
वहीं, अदिति के भाई अभिषेक वर्मा ने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि एक हफ्ते पहले अदिति ने पति के मोबाइल की चैट का वीडियो बनाकर अपनी बड़ी बहन पिंकी को भेजा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
23 जून को हुई थी मारपीट, फिर मिली मौत की खबर
मायके पक्ष का आरोप है कि 23 जून को भी अदिति के साथ मारपीट की गई थी. इसके बाद परिजनों ने रविकांत मौर्य की मां से फोन पर संपर्क किया. तब उन्हें बताया गया कि अदिति और रविकांत के बीच कमरे में विवाद हो रहा था. कुछ देर बाद जानकारी दी गई कि अदिति का शव मिला है और उसे अस्पताल ले जाया गया.
घटना की खबर मिलते ही अदिति के परिजन उत्तरप्रदेश से बिलासपुर के लिए रवाना हो गए. जब वे अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि अदिति की मौत हो चुकी है. यह सुनकर परिजन हैरान रह गए.
मृतका के भाई अखिलेश वर्मा और परिजनों ने पति रविकांत मौर्य, सास-ससुर, ननद और नंदोई पर हत्या करने का आरोप लगाया है. उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
मायके पक्ष बोला- शरीर पर मिले चोंट के निशान
मायके पक्ष का आरोप है कि अदिति के हाथ, गर्दन, पैर और कान पर चोट के निशान थे. उनका कहना है कि जिस जगह फांसी लगाने की बात कही जा रही है. वहां कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले. परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर हत्या की आशंका जताई है.
उनका यह भी आरोप है कि घटना की खबर उन्हें ससुराल पक्ष ने नहीं दी. बाद में दूसरे लोगों से जानकारी मिलने पर वे बिलासपुर पहुंचे. परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. वहीं एफएसएल टीम ने भी घटना स्थल का बारीकी से जांच किया. टीम ने कमरे और आसपास के जगहों से सबूत इकट्ठे किए हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. परिजनों के लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है.
एएसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है. पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



