मंदिरों की चोरियों का खुलासा, श्रद्धालुओं की आस्था पर चोट करने वाले सीरियल चोर रामचंद्र और मुकेश समेत ज्वेलर्स संचालक विकास गिरफ्तार
Temple thefts exposed, serial thieves Ramchandra and Mukesh, who hurt the faith of devotees, and jeweler Vikas arrested.
दुर्ग : भिलाई शहर में लगातार मंदिरों में हो रही चोरियों से परेशान पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने सीरियल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो मुख्य आरोपियों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले अनूपपुर के एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में चोरी में इस्तेमाल बाइक, औजार और करीब 2 लाख रुपये कीमत का मशरुका बरामद किया है. इस कार्रवाई से शहर के कुल पांच मंदिरों में हुई चोरियों का खुलासा हुआ है.
मिली जानकारी के मुताबीक भिलाई में 7 अगस्त 2025 की रात फल मंडी पावर हाउस स्थित हनुमान मंदिर, 5 नवंबर 2025 को सेक्टर-5 कांचीकमाछी मंदिर, 12 नवंबर 2025 को फरीद नगर दुर्गा मंदिर, 14 दिसंबर 2025 को काली मंदिर सुपेला में ताले व दानपेटी चोरी की वारदातें हुई. इसके अलावा 15-16 दिसंबर 2025 की रात सेक्टर-6 स्थित बालाजी मंदिर में चोरी का प्रयास किया गया.
लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी थी. लगातार सघन चेकिंग और निगरानी के दौरान पुलिस को खबर मिली कि सपना टॉकीज पावर हाउस के पीछे दो युवक संदिग्ध रुप से रात में घूमते हैं और दिनभर घर के भीतर रहते हैं. खबर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ा.
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रामचंद राठौर (निवासी गोरसी, अनूपपुर, मध्यप्रदेश) और मुकेश जायसवाल (निवासी ग्राम जोगीपुर, थाना तखतपुर, जिला मुंगेली) बताया. तलाशी के दौरान उनकी बाइक (होंडा साइन नम्बर CG 28 L 4683) की डिक्की से एक सब्बल बरामद किया गया.
बारीकी से पूछताछ में रामचंद राठौर ने कबूल किया कि वह पहले भी करगी रोड कोटा की ज्वेलरी दुकान और बिलासपुर के मकानों में चोरी कर चुका है और जेल जा चुका है. वहीं मुकेश जायसवाल ने बताया कि वह थाना तखतपुर के एक दुष्कर्म मामले में बिलासपुर जेल गया था. जहां उसकी पहचान रामचंद से हुई. जेल से छूटने के बाद दोनों आकाशगंगा भिलाई फल मंडी में हमाली का काम करने लगे और सपना टॉकीज पावर हाउस के पीछे पानी टंकी के पास किराए के मकान में रहने लगे. दोनों ने मिलकर मंदिरों में चोरी की योजना बनाई और रेकी कर वारदातों को अंजाम देना शुरु किया.
पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी में मिली चांदी के छत्र-मुकुट, मुखौटा, चांदी का चम्मच आदि रामचंद राठौर ने अनूपपुर के ज्वेलर्स विकास सोनी ज्वेलर्स को बेच दिया था. इसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स संचालक विकास सोनी उम्र 40 साल को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल बाइक, एक सब्बल, एक मोबाइल, एक टैबलेट, सिक्के 4,493 रुपये, नकद 2,200 रुपये समेत कुल 6,693 रुपये नकद और मंदिरों से चोरी किए गए चांदी के जेवरात बरामद किए हैं. जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपियों ने फल मंडी पावर हाउस हनुमान मंदिर, सेक्टर-5 कांचीकमाछी मंदिर, काली मंदिर सुपेला, फरीद नगर दुर्गा मंदिर सहित कुल पांच मंदिरों में चोरी की घटनाएं कबूल की हैं. मामले में तीनों आरोपियों- रामचंद राठौर (29 वर्ष), मुकेश जायसवाल उम्र 28 साल और विकास सोनी उम्र 40 साल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है. इस कार्रवाई में छावनी थाना, भिलाई नगर थाना, मिलाई नगर थाना और सुपेला थाना में दर्ज विभिन्न अपराध क्रमांकों के तहत कार्रवाई की गई है. संबंधित मामलों में बीएनएस की धारा 331(4), 334(1) और 305 के तहत जुर्म दर्ज हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



