नारी में राखी की थाल सजने से पहले बुझ गया घर का चिराग, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 6 वर्षीय मासूम को कुचला, गुस्साए लोगों ने वाहन में लगाई आग

The light of the home was extinguished before the Rakhi thali could be prepared; a speeding tractor ran over an innocent 6-year-old child, and an enraged crowd set the vehicle on fire.

नारी में राखी की थाल सजने से पहले बुझ गया घर का चिराग, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 6 वर्षीय मासूम को कुचला, गुस्साए लोगों ने वाहन में लगाई आग

धमतरी/कुरुद/नारी : रक्षाबंधन का त्योहार जिस घर में भाई-बहन के प्रेम और खुशियों का संदेश लेकर आया था. वहां एक दर्दनाक हादसे ने मातम पसरा दिया. बहनें जहां अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही थीं. वहीं ग्राम नारी में करीब छह साल के मासूम फणीश सोनी की सड़क हादसे में मौत हो गई. मासूम की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने रेत से भरे एक ट्रैक्टर में आग लगा दी. इसके बाद ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है. मारपीट में चालक के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है.
मिली जानकारी के मुताबिक कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी में शुक्रवार को रेत से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से फणीश सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा इतना भयावह था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया. इसके बाद बड़ी तादाद में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया.
घटना की खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को संभालने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया गया और चक्काजाम खत्म कराया गया.
ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के क्षेत्र में रेत से भरे वाहनों की लगातार आवाजाही हो रही है. ग्रामीणों के मुताबिक तेज रफ्तार या कथित लापरवाही से वाहन चलने की वजह से इआके में हादसों की आशंका बनी रहती है. इसे लेकर ग्रामीणों में पहले से नाराजगी थी। मासूम की मौत के बाद यह नाराजगी खुलकर सामने आ गई.
हादसे के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई. ग्रामीणों ने क्षेत्र में रेत परिवहन करने वाले वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. आगजनी और मारपीट की घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. हादसे की असल वजह और जिम्मेदारी का निर्धारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?