डबल मर्डर का खुलासा!, 10 लाख के कर्जदार की खूनी साजिश, आरोपी ने शराब में सुहागा मिलाकर क्लिनिक संचालक और पार्षद को उतारा मौत के घाट!
Double murder case solved! A man, burdened by a debt of 10 lakh rupees, hatched a deadly plot—he spiked their liquor with borax, leading to the deaths of a clinic operator and a municipal councillor.
जांजगीर-चाम्पा/पामगढ़ : जांजगीर-चाम्पा के पामगढ़ में शराब पीने के बाद पार्षद रामखिलावन जांगड़े और निजी क्लिनिक के संचालक जोहित खरे की मौत हो गई. यह मामला कोई साधारण हादसा या जहरीली शराब का कांड नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया दोहरा हत्याकांड (डबल मर्डर) निकला है. 10 लाख के कर्ज की वसूली और मकान बिकने के डर से आरोपी ने शराब में सुहागा (बोरेक्स) मिलाकर अपने ही साथी की हत्या की साजिश रची थी. इस खौफनाक साजिश की चपेट में आकर निर्दोष बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े की भी जान चली गई. जिनका इस पूरे विवाद या लेन-देन से कोई संबंध नहीं था.
पुलिस तफ्तीश और पड़ताल में इस साजिश की पूरी परतें उघड़ी हैं. प्राइवेट क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे उम्र 52 साल ने ग्राम पनगांव निवासी अपने परिचित कमल नाथ खरे उर्फ राजा को करीब 10 लाख उधार दिए थे. जोहित लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था. हाल ही में उसने राजा पर दबाव बनाते हुए कह दिया था कि अगर पैसे नहीं लौटा सकता, तो अपना मकान बेचकर पूरा हिसाब चुकता करे. सिर पर बढ़ते कर्ज और मकान छिन जाने के खौफ में राजा खरे ने अपने साथी मुकेश कश्यप उर्फ गोलू के साथ मिलकर जोहित को रास्ते से हटाने की खूनी प्लान बना डाली.
बातचीत के बहाने बुलाई शराब पार्टी, चपेट में आए निर्दोष बसपा पार्षद
23 अक्टूबर की शाम को इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. आरोपी राजा खरे और उसके साथी मुकेश कश्यप ने बातचीत के बहाने जोहितराम खरे को शराब पार्टी में बुलाया. इसी दौरान वार्ड नम्बर 8 के बसपा (BSP) पार्षद रामखिलावन जांगड़े उम्र 55 साल भी वहां सामान्य बातचीत के सिलसिले में पहुंच गए और अनजाने में पार्टी में शामिल हो गए. आरोपियों ने शराब में विषैला पदार्थ (सुहागा) मिला रखा था. जिसे पीने से क्लिनिक संचालक और बसपा पार्षद दोनों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक शराब में सुहागा मिलाने की बात सामने आई है. सुहागा एक रासायनिक पदार्थ है. ज्यादा तादाद में शरीर में पहुंचने पर यह नुकसान पहुंचा सकता है. हालांकि मौत की असल वजह की पुष्टि मेडिकल और फॉरेंसिक जांच से ही होगी.
कितना जहरीला होता है सुहागा (बोरेक्स)?
विशेषज्ञों और डॉक्टरों के मुताबिक शराब में सुहागा मिलाना जानलेवा साबित होता है. सुहागा (बोरेक्स) पेट में पहुंचते ही पेट के गैस्ट्रिक एसिड से क्रिया कर बेहद जहरीला बोरिक एसिड बना देता है. इसके असर से किडनी, लीवर और फेफड़े तेजी से काम करना बंद कर देते हैं, जिससे सांस रुकने और ऑर्गन्स फेल होने से इंसान की दर्दनाक मौत हो जाती है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



