रौनक ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर आए और सोने की चैन लूटकर फरार, रायपुर पुलिस ने गोंदिया से 4 अंतर्राज्यीय आरोपियों को किया गिरफ्तार
They came to Raunak Jewelers as customers and fled after robbing the gold chain, Raipur police arrested 4 interstate accused from Gondia
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के थाना खम्हारडीह क्षेत्र अंतर्गत स्थित रौनक ज्वेलर्स से 29 मई को तीन सोने की चैन लूटने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर महाराष्ट्र के नागपुर और गोंदिया से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस वारदात को अंजाम देने आरोपियों ने पहले भिलाई और रायपुर से दो दोपहिया वाहन चुराए और फिर चैन लूट की घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने चोरी गई एक सोने की चैन, दो एक्टिवा स्कूटर और चार मोबाइल फोन समेत करीब ₹3.5 लाख का माल बरामद किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 29 मई को दोपहर करीब 4:10 बजे तीन युवक दो अलग-अलग एक्टिवा में सवार होकर खम्हारडीह क्षेत्र के शक्ति नगर स्थित रौनक ज्वेलर्स पहुंचे. उनमें से एक युवक दुकान में घुसा और भारी वजन की सोने की चैन दिखाने की बात कही. दुकानदार पन्ना जैन ने उसे तीन चैनें दिखाई. ग्राहक बनकर आया युवक चैनों को देखने के बहाने हाथ में लेकर दुकान से बाहर भाग निकला था. बाहर इंतजार कर रहे दो अन्य साथी स्कूटर लेकर पहले से मौजूद थे. हालांकि भागते समय एक स्कूटर दुकान के पास ही छूट गया.
वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम सक्रिय हुई. 70 किलोमीटर क्षेत्र में फैले सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की गई. तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की खबर के आधार पर पुलिस की टीम ने नागपुर और गोंदिया में डेरा डालकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी
जय पाटिल उर्फ बॉबी उम्र 26 साल नागपुर निवासी, जिस पर गोंदिया जिले के तीन थानों में गंभीर अपराध दर्ज हैं.
राहुल सुखचंद लिल्लारे उम्र 23 साल गोंदिया जिले का निवासी, जिसके खिलाफ रामनगर थाने में नकबजनी का केस दर्ज है.
राहुल डोंगरे उर्फ विक्की उम्र 36 साल गोंदिया निवासी, जिसने चोरी की गई चैन को 64,900 रुपये में बेचा था.
राजेश गोपीचंद पाटिल उम्र 55 साल जय पाटिल के पिता, जिन्होंने अपने नाम पर 1,23,000 रुपये में चोरी की चैन बेची.
चोरी के वाहन और चैन की बिक्री
आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए दुर्ग और रायपुर से स्कूटर चुराइ. घटना के बाद वे गोंदिया भाग गए. चोरी की चैनों को ईरा गोल्ड कंपनी प्रा. लि. में बेचा. जिस पर अब नोटिस भेजा गया है. इसके साथ ही चैन की बिक्री की रकम को आरोपी के खाते में होल्ड करा दिया गया है.
इस कार्यवाही में निरीक्षक मनोज कुमार साहू थाना प्रभारी खम्हारडीह, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर, सउनि. मंगलेश्वर सिंह परिहार, प्र.आर. खिलेश्वर राजपूत, उपेन्द्र यादव, मार्तण्ड सिंह, आर. मनोज सिंह, विजय बंजारे, बोधेन्द्र मिश्रा, प्रमोद बेहरा, प्रशांत शुक्ला, लक्ष्मीनारायण साहू, भूपेन्द्र मिश्रा, तुकेश निषाद और थाना खम्हारडीह से प्र.आर. देवेन्द्र ध्रुव की अहम भूमिंका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



