खेत में खाद छिड़कने गए किसान पर बाघ का हमला!, लोहे के घमेला से बचाई जान, हाथ-पैर और चेहरे पर पंजों के निशान, छह गांवों में सतर्क रहने की मुनादी
Tiger attacks farmer spreading manure in his field; he saves his life using a metal pan. Claw marks found on his hands, legs, and face; alert issued across six villages.
बिलासपुर/कोटा : कोटा क्षेत्र के जंगल से लगे ग्राम दवनपुर में शनिवार सुबह खेत में काम कर रहे एक कृषक के घायल होने की घटना के बाद वन विभाग और अन्य संबंधित अमला सतर्क हो गया है. घटना सुबह करीब 7 बजे छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 169 आरएफ से लगे दवनपुर के क्षेत्र में हुई. खेत में खाद डाल रहे किसान दवनपुर निवासी संजू मरकाम पिता महादेव मरकाम उम्र 42 साल के ऊपर एक वन्यप्राणी की हमला करने की वजह से घायल हो गया. घायल किसान के हाथ, पैर और चेहरे पर मामूली खरोंचें आई हैं. ग्रामीणों के मुताबिक मौके पर दिखाई दिए वन्यप्राणी को बाघ जैसा बताया जा रहा है.
हमले की खबर मिलते ही एटीआर, वन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. घायल किसान को प्राथमिक उपचार दिया गया और बेहतर इलाज के लिए गनियारी अस्पताल ले जाया गया. एटीआर प्रशासन की तरफ से इलाज के लिए घायल के परिवार को तत्काल सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई. नियमानुसार मामला तैयार कर आगे मुआवजा राशि प्रदान करने की प्रक्रिया की जाएगी.
छह गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को किया सतर्क
हमले के बाद आसपास के पीपरखूंटी, परसदा, दवनपुर, मानपुर, औरापानी और शिवतराई गांवों में मुनादी कराई जा रही है. ग्रामीणों से जंगल की तरफ अकेले सूर्योदय से पहले या सूर्यास्त के बाद नहीं जाने और सावधानी बरतने की अपील की गई है.
वन विभाग ने लोगों से कहा है कि जंगल या खेतों के आसपास किसी वन्यप्राणी की मौजूदगी दिखाई देने पर उसके करीब जाने या भीड़ लगाने की कोशिश न करें. ऐसी हालत में फौरन वन विभाग को खबर दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
वन विभाग के संयुक्त टीमों की लगातार निगरानी
हमले के बाद क्षेत्र में एसटीपीएफ, एटीआर प्रशासन, बिलासपुर वनमंडल और वन विकास निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं. संबंधित अमला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
वन विभाग के मुताबिक हमले में किस वन्यप्राणी की भूमिका थी. इसकी स्थिति अभी साफ नहीं है. मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और वन्यप्राणी की पहचान की पुष्टि के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



