रिश्तेदार के घर जाने की जिद पर जमकर विवाद, फावड़े से जानलेवा हमला कर पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी पति अमृत गिरफ्तार
A heated dispute arose over the wife's insistence on visiting a relative's home; the accused husband, Amrit, launched a lethal attack on her with a shovel, killing her. He has since been arrested.
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या करने के मामले में पुसौर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. ग्राम सूपा में 41 साल की महिला रूप कुंवर महंत की फावड़े से हमला कर हत्या करने का आरोप उसके पति अमृत लाल महंत पर लगा है. घटना के बाद आरोपी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस दौरान पुलिस लगातार उसकी निगरानी कर रही थी. स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. आरोपी ने पत्नी के साथ विवाद के दौरान फावड़े से हमला करने की बात कबूल की है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
ड्यूटी से घर लौटा बेटा तो अचेत पड़ी मिली मां
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सूपा निवासी सूरज दास महंत उम्र 25 साल ने 11 अक्टूबर को पुसौर थाने में घटना की खबर दी थी. सूरज ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे वह अडानी प्लांट से ड्यूटी कर घर लौटा था. घर पहुंचने पर उसकी मां रूप कुंवर महंत परछी में जमीन पर अचेत हालात में पड़ी थीं. पिता अमृत लाल महंत भी वहीं बैठे हुए थे. मां को हिलाने पर कोई हलचल नहीं हुई. उनके कान से खून निकल रहा था और दोनों हाथों की कलाइयों के ऊपर चोट के निशान थे. घर में जगह-जगह खून के छींटे भी दिखाई दे रहे थे.
अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मां की हालत देखकर सूरज ने अपने पिता से घटना के बारे में जानकारी मांगी. लेकिन कोई साफ जवाब नहीं मिला. इसके बाद उसने अपने भाई और आसपास के लोगों को बुलाया. परिजन महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गंभीर रक्तस्राव से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात बताया गया. इसके आधार पर पुसौर पुलिस ने अपराध क्रमांक 258/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु की.
घर में मिले खून के निशान, फॉरेंसिक टीम ने की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी. इसके बाद एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया. जांच के दौरान घर के फर्श, पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, कपड़ों और दीवारों पर खून के निशान मिले. घटनास्थल से फावड़ा और लकड़ी का डंडा भी मिला. जिन पर खून जैसे निशानों की जांच की गई. शुरुआती जांच में घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी की जानकारी नहीं मिली. इसके बाद पुलिस का शक पति पर गहराया.
खाना बनाने और रिश्तेदार के घर जाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी अमृत लाल महंत ने बताया कि घटना की रात उसकी पत्नी खाना बनाने से इंकार कर रही थी. वह ग्राम रैबार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने की बात कह रही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने फावड़े से पत्नी पर हमला कर दिया. जिससे उसकी मौत हो गई.
अस्पताल से छुट्टी मिलते ही आरोपी गिरफ्तार
हमले के बाद अमृत लाल महंत का रक्तचाप अत्यधिक बढ़ गया था. स्वास्थ्य खराब होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया. पुलिस टीम अस्पताल में लगातार निगरानी कर रही थी. इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फावड़ा, आरोपी के कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण सबूत जब्त किए. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
SSP ने कहा- घरेलू हिंसा पर होगी सख्त कार्रवाई
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद में हिंसा और गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को कानून के सामने पेश किया जाएगा. इस कार्रवाई में निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय, आरक्षक राहुल सिदार और पुसौर थाना स्टाफ की अगम भूमिका रही.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



