विधवा बेटी के प्रेम संबंध से नाराज पिता ने बॉयफ्रेंड की आंख में मिर्ची पाउडर फेंककर धारदार हथियार से किया हमला, आरोपी दीपक गिरफ्तार
Angered by his widowed daughter’s romantic relationship, a father threw chili powder into the boyfriend’s eyes and attacked him with a sharp-edged weapon; the accused, Deepak, has been arrested.
दुर्ग/भिलाईनगर : दुर्ग जिले के भिलाई में प्रेम संबंध से नाराज एक व्यक्ति द्वारा युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. आरोपी ने पहले युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर धारदार हथियार से उसकी पसली, कमर और हाथ पर वार कर दिया. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. जामुल पुलिस ने आरोपी दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है.
पीड़ित के मुताबिक वह सेक्टर-1 स्थित सड़क नंबर 12, क्वार्टर नंबर 07/08 में रहता है और बीएसपी प्लांट में ठेकेदारी का काम करता है. वह दीपक गुप्ता की विधवा बेटी किरण गुप्ता के साथ पिछले करीब एक हफ्ते से आपसी सहमति से रह रहा था. किरण का ढाई साल का बेटा भी उनके साथ रहता है. युवक का आरोप है कि इस रिश्ते से किरण के पिता दीपक गुप्ता नाराज थे और पहले भी फोन पर उसे जान से मारने की धमकी दे चुके थे.
युवक के मुताबिक वह और किरण आर्य समाज में शादी करना चाहते थे. इसके लिए उसे किरण के आधार कार्ड की जरूरत थी. जो दीपक गुप्ता के पास था. आधार कार्ड लेने के लिए उसने दीपक से फोन पर संपर्क किया था. आरोप है कि 15 अक्टूबर 2026 को दीपक सुबह से ही फोन कर उसे आधार कार्ड ले जाने के लिए बुला रहा था.
रात करीब 9:30 बजे युवक अपनी स्कूटी नम्बर CG07 DE 4842 से किरण और उसके बेटे सूरज को लेकर ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के पास पहुंचा. वहां दीपक गुप्ता अपने 11 साल के बेटे करण के साथ मिला. इसके बाद दीपक ने किराये पर नया घर लेने की बात कहकर युवक से उसे दिखाने चलने को कहा और उसकी स्कूटी पर बैठ गया.
शिकायत के मुताबिक दीपक युवक को शिवपुरी भाठा की तरफ ले गया. रात करीब 9:50 बजे एक कंपनी के पास रुकने के बाद उसने दूसरे व्यक्ति का घर दिखाने के दौरान अचानक युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया. युवक आंखें साफ करने लगा. तभी आरोपी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पीछे से हमला कर दिया. हमले में युवक की बाईं पसली के पास, कमर के ऊपरी हिस्से और बाईं कलाई में चोट आई तथा खून निकलने लगा.
पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान किरण गुप्ता भी मौके पर मौजूद थी. हमले के बाद दोनों अलग-अलग दिशाओं में भागे. युवक ने पास की कंपनी में काम करने वाले लोगों से मदद मांगी. जिसके बाद 112 वाहन और 108 एंबुलेंस को बुलाया गया. उसे पहले सरकारी अस्पताल सुपेला ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया. वहां भर्ती होकर इलाज कराने के बाद युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
जामुल थाना प्रभारी राकेश खुटेश्वर ने बताया कि युवक की शिकायत पर आरोपी दीपक गुप्ता के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था. जांच और पूछताछ के बाद दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



