स्कूल की पैरेंट्स मीटिंग से पिता संग लौट रही स्कूली छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला, सिर पर चढ़ा गाड़ी का पहिया, मौके पर मासूम बच्ची ने तोड़ा दम
A schoolgirl returning home with her father from a parent-teacher meeting was run over by a tractor; the vehicle's wheel passed over her head, and the innocent child died on the spot.
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केशवनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 साल की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका अपने पिता के साथ स्कूल की पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होने गई थी. और लौटते वक्त यह हादसा हो गया. इस अप्रत्याशित घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है.
मिली जानकारी के मुताबिक सूरजपुर के नवापारा निवासी पंकज जैन की 13 साल की बेटी रिद्धिमा जैन बिश्रामपुर स्थित कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ाई करती थी. शुक्रवार की सुबह रिद्धिमा अपने पिता के साथ बाइक पर सवार होकर स्कूल में आयोजित पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग में शामिल होने गई थी. दोपहर करीब 12 बजे मीटिंग के बाद पिता-पुत्री बाइक से वापस अपने घर सूरजपुर लौट रहे थे. इसी दौरान बिश्रामपुर-सूरजपुर मार्ग पर ग्राम केशवनगर में एनएच पर आगे जा रहे गिट्टी लोड ट्रैक्टर को क्रॉस करने के दौरान यह हादसा हुआ.
अचानक मुड़ा ट्रैक्टर, सड़क पर गिरी छात्रा
बयान के मुताबिक जब वे सामने चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहे थे. तभी अचानक ट्रैक्टर चालक ने वाहन मोड़ दिया. इससे बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई. टक्कर के बाद बाइक से सड़क पर गिरी रिद्धिमा का सिर सीधे ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आ गया. जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस भीषण हादसे में पिता को भी हल्की चोटें आईं. बेटी का शव देख पिता सड़क पर ही फूट-फूटकर रोने लगे. अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस फौरन मौके पर पहुंची. इधर पिता और आसपास के लोगों ने किसी तरह छात्रा को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और फौरन बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घर में पसरा मातम, पुलिस ने ट्रैक्टर किया जब्त
यह दिल दहलाने वाली खबर जैसे ही सूरजपुर स्थित छात्रा के घर पहुंची. मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पुलिस ने हादसे के बाद मकान में घुसे ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में जुर्म दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरु कर दी है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



