JCB से तोड़फोड़ के दौरान बड़ा हादसा, स्कूल की दीवार गिरने से तीन बच्चियां घायल, मची अफरा-तफरी, बच्ची के पिता ने किया जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
A major accident occurred during demolition by a JCB; three girls were injured when a school wall collapsed, causing widespread chaos. The girl's father demanded action against those responsible.
रायपुर : रायपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक स्कूल परिसर में बड़ा हादसा हो गया। स्कूल की दीवार गिरने से तीन बच्चियां घायल हो गईं. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन राहत कार्य शुरू किया. घायल बच्चियों को फौरन इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक आमा नाका थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय नगर में CPS स्कूल की दीवार को JCB मशीन की मदद से तोड़ा जा रहा था. इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई. बताया जा रहा है कि दीवार के पीछे तीन बच्चियां खेल रही थीं. जिन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी. दीवार गिरते ही तीनों बच्चियां मलबे की चपेट में आ गईं. आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनते ही दौड़कर बच्चियों को बाहर निकाला.
हादसे में दो बच्चियों को गंभीर चोटें आई हैं. जबकि एक बच्ची को हल्की चोट बताई जा रही है. सभी घायल बच्चियों को फौरन उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चियों की हालत पर नजर बनाए हुए है. हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दीवार तोड़ने के दौरान सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही बरती गई थी. अगर बच्चों की मौजूदगी को पहले देखा जाता तो हादसा टाला जा सकता था. इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों और पालकों में नाराजगी भी देखने को मिली. घायल बच्ची के पिता ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है.
खबर मिलने पर आमा नाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगा रही है कि निर्माण कार्य किसकी अनुमति से चल रहा था और सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई थी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



