पूजा-पाठ के जरिए समस्याएं दूर करने का झांसा देकर लाखों की ठगी, एक नाबालिग समेत फर्जी साधू बाबा गुरुदयाल गिरफ्तार, जेवरात जब्त

Fraudsters swindled lakhs by promising to resolve problems through religious rituals; a fake 'sadhu' named Gurudayal—along with a minor—has been arrested, and jewelry has been seized.

पूजा-पाठ के जरिए समस्याएं दूर करने का झांसा देकर लाखों की ठगी, एक नाबालिग समेत फर्जी साधू बाबा गुरुदयाल गिरफ्तार, जेवरात जब्त

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साधु-बाबा बनकर बीमारी और घरेलू परेशानियों का समाधान करने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. गंज थाना पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है. साथ ही नाबालिग को भी पकड़ा गया है. आरोपियों ने पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान के बहाने एक महिला को अपने भरोसे में लेकर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की ठगी की थी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन सहित करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है. गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है.
बीमारी दूर करने के नाम पर महिला को फंसाया
मिली जानकारी के मुताबिक फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार ने गंज थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात व्यक्ति साधु के वेश में उनके घर पहुंचे थे. उन्होंने जसवंत की पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और घरेलू समस्याओं के बारे में कुछ ऐसी बातें बताईं. जिनसे महिला को उन पर भरोसा हो गया. इसके बाद आरोपियों ने पूजा-पाठ के जरिए समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया और पहली बार महिला से सोने की अंगूठी और नकदी ले ली.
बार-बार घर आकर ले गए सोने-चांदी के जेवर
पहली बार जेवरात लेने के करीब 10 से 12 दिन बाद आरोपी दोबारा महिला के घर पहुंचे. इस बार उन्होंने पूजा करने के बाद पहले लिए गए जेवरात वापस करने का आश्वासन दिया. इसी बहाने महिला से सोने की चेन और अन्य सोने-चांदी के जेवरात भी ले लिए. आरोपी लगातार पूजा धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर महिला से जेवरात और नकदी लेते रहे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूजा पूरी होने के बाद सभी सामान वापस कर दिए जाएंगे.
परिवार के सदस्यों की मौत का डर दिखाकर रखा चुप
आरोपियों ने महिला को धमकाया कि यदि उसने पूजा-पाठ और जेवरात देने की बात किसी को बताई तो परिवार के सदस्यों के साथ अनिष्ट हो सकता है. इसी डर की वजह से महिला लंबे समय तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सकी. 7 सितंबर 2026 से आरोपी लगातार फोन कर एक्स्ट्रा जेवरात और नकदी की मांग करने लगे. इसके बाद महिला को ठगी का शक हुआ. जब आरोपियों ने न तो कोई पूजा कराई और न ही जेवरात लौटाए. तब पूरी घटना सामने आई.
गंज थाने में 15 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पीड़ित महिला के पति जसवंत परमार की शिकायत पर गंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 283/2026 दर्ज किया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए.
मोबाइल नंबरों की जांच से ग्वालियर पहुंची पुलिस
गंज थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़ित और उसकी पत्नी से विस्तृत पूछताछ की. पुलिस ने आरोपियों द्वारा संपर्क के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया. इसके आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया गया. जांच के दौरान पुलिस को मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू और एक नाबालिग की संलिप्तता की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया.
तीन लाख के जेवर और मोबाइल जब्त
पूछताछ में आरोपी गुरुदयाल सिंह ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 ग्राम सोने के जेवरात और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है. जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू पिता भरत सिंह उम्र 22 साल निवासी नूरगंज सेवा नगर, थाना किला गेट, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं. उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं, नाबालिग के बारे में किशोर न्याय कानून के तहत प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb