फ्री में बर्तन चमकाने का झांसा देकर महिलाओं को थमा गए नकली जेवर, आरोपी बेटा रुपेश गिरफ्तार, बाप ललन फरार, तलाश में जुटी पुलिस
Under the pretext of polishing utensils for free, the accused handed over fake jewelry to women; the son, Rupesh, has been arrested, while his father, Lalan, remains at large—police are currently searching for him.
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला में सोना-चांदी और बर्तन चमकाने के बहाने गांवों में पहुंचकर महिलाओं को ठगने वाले बाप-बेटे की करतूत सामने आई है. रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुर में असली सोने-चांदी के जेवर देने का झांसा देकर महिलाओं से बड़ी रकम की ठगी की गई. नकली जेवरात को असली बताकर रकम ऐंठने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका पिता अब भी फरार है. जिसकी तलाश जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम शिवपुर निवासी दुर्गावती सिंह पति सोमेश सिंह उम्र 30 साल ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि मार्च-अप्रैल में ग्राम नारायणपुर निवासी रुपेश उर्फ राकेश साहू और उसके पिता ललन साहू गांव पहुंचे थे. दोनों सोना-चांदी और बर्तन चमकाने का काम करने के बहाने लोगों से संपर्क कर रहे थे.
इसी दौरान उन्होंने दुर्गावती को करीब 80 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात को असली बताकर थमा दिया. बाद में जेवरात की असलियत पर शक होने पर महिला ने दूसरे लोगों को दिखाया तो जेवर नकली होने की जानकारी मिली. इसके बाद ठगी का मामला सामने आया.
शिकायत में अन्य महिलाओं के साथ भी ठगी किए जाने की बात सामने आई है. आरोपियों ने मालती पति भुवनेश्वर से 21 हजार रुपये, चमेली सिंह पति सुरेंद्र सिंह से 16 हजार रुपये, सांता सिंह पति नरेंद्र सिंह से 47 हजार 200 रुपये और कलावती सिंह पति देव सिंह से 39 हजार 400 रुपये की ठगी की. इसके अलावा शिवपुर, भुवनेश्वरपुर और बद्रिकाश्रम के आसपास के गांवों में भी नकली जेवर को असली बताकर धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है.
सबूत मिलने पर पुलिस ने दबोचा
शिकायत के आधार पर रामानुजनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान सबूत मिलने पर पुलिस ने रुपेश साहू पिता ललन साहू उम्र 29 साल को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में उसने अपने पिता के साथ मिलकर ठगी करने की बात कबूल की. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया. मामले में 11 नवंबर तक न्यायिक रिमांड की मांग किए जाने की जानकारी दी गई है. मामले में दूसरे आरोपी ललन साहू की गिरफ्तारी अब भी बाकी है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



