रायपुर में ब्लू वाटर में दोस्तों से लगी तैराकी की शर्त, गहरे पानी में कूदा आदिल लापता, आज होगी तलाश, सदमे में परिजन, अब तक 10 लोगों की हो चुकी मौत

Adil went missing after jumping into deep water during a swimming challenge with friends at 'Blue Water' in Raipur; the search operation is set for today. His family is in shock; ten people have lost their lives at the site so far.

रायपुर में ब्लू वाटर में दोस्तों से लगी तैराकी की शर्त, गहरे पानी में कूदा आदिल लापता, आज होगी तलाश, सदमे में परिजन, अब तक 10 लोगों की हो चुकी मौत

रायपुर : राजधानी रायपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. मौदहापारा निवासी 24 साल का आदिल खान अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए ब्लू वाटर पहुंचा था. जहां दोस्तों के बीच लगी एक शर्त उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गई. ब्लू वाटर में तैरकर इस पार से उस पार जाने की कोशिश में आदिल खान गहरे पानी में डूब गया. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया. लेकिन रात ज्यादा होने और पानी की गहराई की वजह से अभियान को फिलहाल रोक दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक मौदहापारा निवासी आदिल शाम करीब 6 बजे अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने आया था. इसी दौरान दोस्तों के बीच बातचीत करते हुए शर्त लग गई कि ब्लू वाटर में कूदकर कौन व्यक्ति एक किनारे से दूसरे किनारे तक पहुंच सकता है. शर्त के बाद आदिल खान और उसके एक दोस्त ने पानी में छलांग लगा दी. एक दोस्त तैरते हुए ब्लू वाटर के दूसरे छोर तक पहुंच गया. लेकिन आदिल पानी की गहराई में चला गया और वापस बाहर नहीं आ सका. कुछ समय तक जब आदिल दिखाई नहीं दिया तो उसके दोस्तों में हड़कंप मच गया.
हादसे की खबर फौरन पुलिस को दी गई. जानकारी मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई. थाना प्रभारी दरिया और उनकी टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया. एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की. काफी देर तक टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया. लेकिन रात होने की वजह से अभियान में कठिनाई आने लगी. वहीं ब्लू वाटर की गहराई ज्यादा होने से रेस्क्यू टीम को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात में सर्च ऑपरेशन रोकने का फैसला लिया. अधिकारियों के मुताबिक अब सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा अभियान शुरू किया जाएगा. एसडीआरएफ की टीम पूरी तैयारी के साथ युवक की तलाश करेगी. हादसे के बाद आदिल खान के परिवार और परिचितों में फिक्र का माहौल है.
पुलिस उसके दोस्तों से भी हादसे के बारे में जानकारी ले रही है. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दोस्तों के बीच लगी शर्त के दौरान यह हादसा हुआ.इस हादसे ने एक बार फिर जलाशयों और गहरे पानी वाले स्थानों पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील किया कि ऐसे स्थानों पर सावधानी बरतें और बिना सुरक्षा इंतजाम के गहरे पानी में जाने से बचें. फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम सुबह होने का इंतजार कर रही है. युवक की तलाश के लिए आज दोबारा सर्च अभियान शुरू किया जाएगा. प्रशासन द्वारा पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?