कमीशन की लालच में साइबर ठगों को दिए बैंक खाते, 10 आरोपी गिरफ्तार, 123 खाताधारकों पर केस दर्ज, अब तक 17 आरोपी भेजे गए जेल
Bank accounts handed over to cyber fraudsters for a commission; 10 accused arrested, cases registered against 123 account holders, and 17 accused sent to jail so far.
दुर्ग : दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने सिटी कोतवाली और छावनी थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग मामलों में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें सिटी कोतवाली पुलिस ने 8 और छावनी पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा है. इन दोनों मामलों को मिलाकर अब तक 123 बैंक खाताधारकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा चुकी है. वहीं छावनी थाना के मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है.
दुर्ग पुलिस को यह जानकारी भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से मिली थी. इसके बाद संदिग्ध बैंक खातों की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पता चला कि कई बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए किया गया है.
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराते थे. इन खातों में ठगी की रकम जमा होती थी. बाद में उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था. इसके बदले खाताधारकों को कमीशन मिलता था.
संदिग्ध खातों की जांच में 106 खाताधारकों पर हुई कार्रवाई
सिटी कोतवाली पुलिस ने इंडियन ओवरसीज बैंक के संदिग्ध खातों की जांच के दौरान 106 खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. जांच के दौरान 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन, इंडियन ओवरसीज बैंक की पासबुक, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों में मोदित कुमार जैन, करण टंडन, अवध किशोर, संकेत कुमार दास, रविंद्र कौशिक, शहबाज आलम, ए. सागर, प्रीति कौर, प्रेमलाल कौशिक और ललित कुमार शामिल हैं.
छावनी में पहले ही 15 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार, 2 और पकड़ाए
वहीं छावनी थाना में दर्ज मामले में पहले ही 15 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे. जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दो और आरोपियों प्रेमलाल कौशिक और ललित कुमार को गिरफ्तार किया. इस तरह इस मामले में अब तक कुल 17 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. जिन लोगों ने साइबर ठगी करने वालों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए हैं. उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गिरफ्तार आरोपी
मोदित कुमार जैन, उम्र 26 साल, भिलाई-3
करण टंडन, उम्र 21 साल सुपेला भिलाई
अवध किशोर, उम्र 55 साल खुर्सीपार भिलाई
संकेत कुमार दास, उम्र 27 साल खुर्सीपार
रविंद्र कौशिक, उम्र 20 साल खुर्सीपार
शहबाज आलम, उम्र 26 साल जामुल
ए. सागर, उम्र 36 साल सुपेला
प्रीति कौर, उम्र 37 साल सुपेला
प्रेमलाल कौशिक, उम्र 23 साल खुर्सीपार
ललित कुमार, उम्र 24 साल खुर्सीपार
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



