चीनी की महंगाई पर कांग्रेस का सत्याग्रह, पूर्व विधायक के नेतृत्व में सड़क पर उतरे कांग्रेसी, केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन

Congress holds *Satyagraha* over the rising price of sugar; party workers take to the streets led by a former MLA, launching a protest against the central government with a one-day sit-in demonstration.

चीनी की महंगाई पर कांग्रेस का सत्याग्रह, पूर्व विधायक के नेतृत्व में सड़क पर उतरे कांग्रेसी, केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन

गरियाबंद : चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों और रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं में बढ़ती महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस ने जिला मुख्यालय गरियाबंद के तिरंगा चौक पर एक दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन किया. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस जिला स्तरीय प्रदर्शन में पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी तादाद में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण की मांग की गई.
इस सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद से लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है. चीनी सहित घरेलू खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का मासिक बजट बिगड़ गया है. नेताओं ने कहा कि त्योहारों के मौसम में महंगाई का बोझ आम लोगों पर और ज्यादा बढ़ जाता है.
पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला ने आंदोलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास जनहित के लिए संघर्ष और सत्याग्रह का रहा है. उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए नमक सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश में बढ़ती महंगाई और चीनी के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस को एक बार फिर जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरना पड़ रहा है.
उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई को लेकर सरकार के पास आम जनता को देने के लिए कोई संतोषजनक जवाब नहीं है. उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। कांग्रेस जनता से जुड़े इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक लगातार उठाती रहेगी.
तिरंगा चौक पर आयोजित सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की और चीनी सहित आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण की मांग की.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आम जनता का आर्थिक बोझ और बढ़ेगा. पार्टी ने सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर लोगों को महंगाई से राहत देने की मांग की.
साथ ही राजेश साहू जिला महामंत्री, लोकेंद्र कोमर्रा, जिला उपाध्यक्ष रमेश शर्मा, शैलेन्द्र साहू, सुनिल तिवारी ने भी लोगो को संबोधित किया. इस कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री नीरज ठाकुर और आभार लखन साहू द्वारा किया गया. धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, महिला और युवा कार्यकर्ता सहित बड़ी तादाद में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?