एम्बुलेंस चालक से दुर्व्यवहार और आपातकालीन सेवा में डाला बाधा, मारपीट कर जान से मारने की धमकी, धमतरी पुलिस ने 3 असामाजिक तत्वों को किया गिरफ्तार
Dhamtari police arrested three anti-social elements for mistreating an ambulance driver, obstructing emergency services, and threatening to kill him after assaulting him.
धमतरी : एम्बुलेंस चालक से दुर्व्यवहार और आपातकालीन सेवा में बाधा डालने के आरोप में 3 युवक गिरफ्तार किए गए है. आरोपियों ने एम्बुलेंस चालक से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी.
मिली जानकारी के मुताबिक उमरदा गौठान के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो जाने की खबर पर वंदे मातरम परिवार समिति की एम्बुलेंस नम्बर CG 05 15001 के चालक राधेश्याम निर्मलकर घटना स्थल पहुंचे थे.
घटनास्थल पर मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने की बात को लेकर चालक के साथ विवाद करते हुए अश्लील गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की. आरोपियों ने एम्बुलेंस वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ करते हुए सामने का कांच, बोनट, एंटीगेटर एवं अन्य हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर करीब 1 लाख रुपये की क्षति पहुंचाई।
प्रार्थी की इस रिपोर्ट पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 177/2026 धारा 296(ख), 115(2), 351(2), 324(4), 3(5) बीएनएस एवं चिकित्सा सेवक तथा चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति की क्षति या हानि की रोकथाम) अधिनियम 2010 की धारा 3(2) के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की जांच की गई.
जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान, घटनास्थल का निरीक्षण, वीडियो फुटेज और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने कराई गई शिनाख्ती कार्यवाही के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपीगण के खिलाफ पुख्ता सबूत पाए जाने पर उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है.
आरोपी
▪️ रमन दीवान पिता उजयार दीवान उम्र 30 साल
▪️ तामेश्वर पटेल पिता शैलेष पटेल उम्र 33 साल
▪️ फनेन्द्र उर्फ विक्की चंद्राकर पिता पुरन चंद्राकर उम्र 25 साल
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



