दरवाजा खोलने के दौरान लोहे के दरवाजे में दौड़ा करंट, खेत से लौटे माता-पिता तो दरवाजे में चिपकी मिली 25 वर्षीय बेटी, लाश देख निकल पड़े आंसू
Electric current surged through the iron door as it was being opened; when parents returned from the fields, they found their 25-year-old daughter stuck to the door—the sight of her lifeless body left them in tears.
सरगुजा/बतौली : सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी 25 साल की एक युवती की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. लोहे का दरवाजा खोलने के दौरान वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गई। दरवाजे में तेजी से करंट फैला और चिपक कर उसकी मौत हो गई. हादसे के दौरान युवती के माता-पिता समेत अन्य परिजन खेत में रोपा लगाने गए थे. जब लौटे तो बेटी को दरवाजे में चिपका देख उसके होश उड़ गए. बेटी की लाश देख माता-पिता के रोने का ठिकाना नहीं रहा. युवती डेढ़ साल से अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया.
मिली जानकारी के मुताबिक बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झरगवां निवासी सलीना पैंकरा पिता रतिराम पैंकरा 25 साल सोमवार को घर में अकेली थी. उसके माता-पिता समेेत घर के अन्य सदस्य खेत में रोपा लगाने गए थे. बताया जा रहा है कि घर का दरवाजा लोहे का बना है. उसे खोलने के दौरान दरवाजा घरेलू बिजली के संंपर्क में आ गया.
इससे दरवाजे में करंट प्रवाहित होने लगा और उसकी चपेट में आकर सलीना की मौत हो गई. इधर रोपा लगाकर जब परिजन घर लौटे तो देखा कि सलीना दरवाजे से चिपकी हुई है और उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही है. यह देखते ही वे समझ गए कि दरवाजे में करंट प्रवाहित हो रहा है. करंट से चिपककर उसकी मौत हो चुकी है.
बेटी की लाश देखते ही माता-पिता दहाड़ मार-मारकर रोने लगे. आवाज सुनकर गांव के लोग वहां पहुंचे और इसकी खबर बतौली पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के बाद परिजन को सौंप दिया.
डेढ़ साल से मायके में रह रही थी
मृतका के पिता ने बताया कि सलीना की शादी हो चुकी थी. किसी वजह से पिछले डेढ़ साल से वह मायके में ही रह रही थी. इस दौरान उसके साथ ये बड़ा हादसा हो गया. बता दें कि घर के अन्य सदस्य भी करंट प्रवाहित दरवाजे की चपेट में आने से बच गए.
वरना और बड़ा हादसा हो सकता था. युवती की मौत से उसके परिजनों में मातम पसरा हुआ है. इधर विद्युत विभाग के एई आरपी सिंह ने कहा कि करंट से मौत के मामले में मुआवजे का प्रावधान है. जांच के बाद पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



