राशन दुकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों से 200 कट्टी चावल और 16 बोरी शक्कर समेत 10 लाख की संपत्ति जब्त

Gang targeting ration shops busted; 4 accused arrested; assets worth ₹10 lakh, including 200 sacks of rice and 16 bags of sugar, seized from them.

राशन दुकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों से 200 कट्टी चावल और 16 बोरी शक्कर समेत 10 लाख की संपत्ति जब्त

मुंगेली : शासकीय उचित मूल्य की दुकानों और सोसायटियों को निशाना बनाकर चावल-शक्कर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 200 कट्टी चावल (करीब 100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, बिक्री की रकम 24 हजार रुपये, चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, 83 प्लास्टिक बोरियां, चाकू, सब्बलनुमा लोहे का रॉड, मोबाइल फोन सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है.
पुलिस की कार्रवाई से थाना सिटी कोतवाली मुंगेली एवं थाना पथरिया क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है. पूछताछ में आरोपियों ने मुंगेली जिले के अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है. पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है.
ग्राम बेलखुरी की शासकीय उचित मूल्य दुकान से 5-6 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने 76 कट्टी चावल, करीब 38 क्विंटल, चोरी कर लिया था. इसी तरह ग्राम कलारजेवरा की सोसायटी से 25 कट्टी चावल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी.
वहीं थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से 60-70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी होने की शिकायत सामने आई थी. इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अलग-अलग जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस ने बेसिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. जांच के दौरान ग्राम बावली और चिरौटी क्षेत्र के संदिग्ध युवकों की गतिविधियों की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने डिजिटल सबूतों के आधार पर संदेहियों से पूछताछ शुरू की.
पिकअप वाहन के जरिए वारदात, फिर बिलासपुर में बेचते थे चोरी का चावल
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खिलेश कौशिक ड्राइविंग का काम करता था और ग्राम बावली निवासी महेंद्र निषाद का पिकअप वाहन किराए पर चलाता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात ग्राम चिरौटी निवासी राजकुमार पात्रे एवं पिंटू उर्फ विजय पात्रे से हुई. आरोपियों ने आसपास की शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल चोरी करने की प्लान बनाई.
5 अगस्त की रात आरोपी अपने साथियों के साथ सरगांव में इकठ्ठा हुए और पिकअप वाहन से कलारजेवरा पहुंचे। वहां सोसायटी का ताला तोड़कर चावल चोरी किया गया. इसके बाद बेलखुरी की सोसायटी के चैनल गेट और दरवाजे का ताला तोड़कर भी चावल चोरी किया गया.
इसी तरह 6 और 7 अगस्त की रात पालचुवा की सोसायटी को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी की गई. चोरी किए गए माल को घुठेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी. इसके बाद चावल को बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में व्यापारियों के जरिए बेचने की बात सामने आई है.
चोरी के माल की बिक्री से बांट लेते थे रकम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के चावल को बिलासपुर में बेचने के बाद मिली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे. पुलिस ने इस मामले में पिकअप वाहन के मालिक महेंद्र निषाद और चावल खरीदने वाले व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में घटनाओं में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया.
अन्य जिलों में चोरी के भी खुले राज
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 30 जुलाई की रात चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा की सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल चोरी करने की बात बताई. इसी तरह सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी स्थित सोसायटी से भी करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की जानकारी सामने आई है.
इसके अलावा लोरमी क्षेत्र में एक स्थान से 10 बोरी डीएपी खाद चोरी करने और ग्राम कोकही स्थित एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है. पुलिस इन मामलों की भी तस्दीक कर रही है.
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में खिलेश कौशिक उम्र 22 साल, राजू श्रीवास उम्र 20 साल, महेंद्र निषाद उम्र 21 साल, तीनों निवासी ग्राम बावली तथा व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा उम्र 50 साल, निवासी जुनापारा, बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. गिरोह के अन्य आरोपी अभी फरार हैं. जिनकी तलाश की जा रही है. साथ ही आरोपियों की अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के संबंध में भी जांच जारी है.
करीब 10 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों से 200 कट्टी चावल (100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नगद, पिकअप वाहन नम्बर CG28 Q 3669, 83 प्लास्टिक बोरी, एक चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, एक सब्बलनुमा लोहे का रॉड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?