पहली बारिश में ही महानदी पर बना हरदीडीह एनीकट टूटा, गरियाबंद PWD रेस्ट हाउस में अचानक गिरा साल का विशाल पेड़, बाल-बाल बचे कर्मचारी

Hardidih Anicut on the Mahanadi River collapsed during the very first rain; a massive Sal tree suddenly fell at the Gariaband PWD Rest House, and employees narrowly escaped.

पहली बारिश में ही महानदी पर बना हरदीडीह एनीकट टूटा, गरियाबंद PWD रेस्ट हाउस में अचानक गिरा साल का विशाल पेड़, बाल-बाल बचे कर्मचारी

पहली बारिश में ही महानदी पर बना हरदीडीह एनीकट टूटा
आरंग : पहली बारिश में ही महानदी पर निर्मित हरदीडीह एनीकट के टूट जाने की बड़ी घटना सामने आई है. एनीकट के क्षतिग्रस्त होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का आवागमन बाधित हो गया है. वहीं किसानों के सामने सिंचाई की समस्या भी खड़ी होने की आशंका जताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक निसदा डेम के 10 और समोदा डेम के 23 गेट खोले जाने के बाद महानदी में पानी का बहाव अचानक काफी तेज हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि हरदीडीह एनीकट के सिर्फ दो गेट ही खोले गए थे. जिससे पानी का दबाव ज्यादा बढ़ गया और तेज बहाव में एनीकट का एक हिस्सा बह गया.
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते एनीकट के सभी गेट खोल दिए जाते. तो शायद यह नुकसान टाला जा सकता था. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही यह एनीकट किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख साधन होने के कारण इसके क्षतिग्रस्त होने से कृषि कार्य भी प्रभावित होने की आशंका है.
इधर, नगर पंचायत समोदा के अध्यक्ष छोटेलाल सोनकर ने घटना को गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
फिलहाल प्रशासन की तरफ़ से एनीकट को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. वहीं ग्रामीणों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि आवागमन बहाल करने और सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन कितनी जल्द कदम उठाता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?

गरियाबंद PWD रेस्ट हाउस में अचानक गिरा साल का विशाल पेड़, बाल-बाल बचे कर्मचारी
गरियाबंद : गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित PWD रेस्ट हाउस परिसर में मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे अचानक एक विशाल साल का पेड़ भरभराकर गिर गया. घटना के समय परिसर में कर्मचारी मौजूद थे. लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को कोई चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए.
मिली जानकारी के मुताबिक पेड़ गिरते ही परिसर में अफरातफरी मच गई. तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए. बताया जा रहा है कि साल का पेड़ काफी समय से सूख चुका था. जिसके कारण वह अचानक धराशायी हो गया.
घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. लेकिन अगर उस समय पेड़ के नीचे कोई व्यक्ति मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिसर में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सूखे और जर्जर पेड़ों की समय रहते पहचान कर उन्हें हटाया जाना चाहिए. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?

उफनते नाले में चालक ने खोया कंट्रोल, पुल से बही बिजली विभाग की पिकअप, 3 कर्मचारी ने तैरकर बचाई जान, एक लापता
बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में लगातार बारिश के बीच सोमवार को बड़ा हादसा हो गया. अचानकपुर क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी पिकअप में सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान उन्होंने जब उफनते नाले को पार करने की कोशिश की तो वह तेज बहाव की चपेट में आ गए.
मिली जानकारी के मुताबिक घटना करीब रात 2 बजे की है. तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली. लेकिन एक कर्मी लापता हो गया. घटना की खबर पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है.
800 मीटर दूर तक बहा पिकअप
खोरसी नाला के पुल को पार करते समय तेज बहाव के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. पिकअप पुल से करीब 800 मीटर दूर तक बह गया. वाहन में मौजूद तीन कर्मचारी ने तैरकर अपनी जान बचा ली. एक कर्मचारी के वाहन में फंसे होने या बह जाने की आशंका जताई जा रही है. उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है.
लापता कर्मचारी के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की खबर मिलते ही नगर सेना, पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच मौजूद है. लापता कर्मचारी और वाहन की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. वहीं पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल पर रेस्क्यू टीम के साथ रस्सी खींचने में मदद की.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?

धंसा राष्ट्रीय राजमार्ग-130C, राहगीरों में चिंता का माहौल, सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
राजिम : गरियाबंद जिले में पहली ही बारिश ने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोल दी है. राजिम-गरियाबंद मुख्य मार्ग पर ग्राम श्यामनगर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-130C का एक हिस्सा धंस गया है. सड़क धंसने के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक इस सड़क का निर्माण करीब छह माह पहले ही किया गया था. पहली ही तेज बारिश के बाद सड़क धंस जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क का निर्माण लापरवाहीपूर्वक और मानकों की अनदेखी कर किया गया. जिसके चलते यह स्थिति बनी है.
घटना के बाद लोगों ने सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने और निर्माण एजेंसी एवं संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क पहली ही बारिश नहीं झेल सकी, जिससे आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है.
फिलहाल सड़क धंसने के कारण आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है. स्थानीय प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?