उफनती नदी में बाइक समेत बहे बाइक सवार युवक-युवती, समशुद्दीन खान ने युवती की बचाई जान, लापता युवक की तलाश में जुटी SDRF टीम

A young man and woman on a motorcycle were swept away in a swollen river; Samshuddin Khan saved the woman's life, while the SDRF team is searching for the missing man.

उफनती नदी में बाइक समेत बहे बाइक सवार युवक-युवती, समशुद्दीन खान ने युवती की बचाई जान, लापता युवक की तलाश में जुटी SDRF टीम

सरगुजा/मैनपाट : छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के मैनपाट में तेज बारिश के बीच घुनघुट्टा नदी के उफान में बाइक सवार युवक-युवती बह गए. हादसे में युवती को समशुद्दीन खान ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत से एक किलोमीटर तक दौड़ते हुए सुरक्षित बचा लिया. जबकि युवक तेज बहाव में लापता हो गया. पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम देर शाम तक उसकी तलाश में जुटी रही. अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा. यह हादसा कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के रोपाखार में कैंप नंबर-2 के पास शनिवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ.
मिली जानकारी के मुताबिक केरल निवासी गौरी नंदन उम्र 22 साल और यदुकृष्ण उम्र 25 साल रायपुर में रहकर पढ़ाई करते हैं. दोनों ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे थे और वहां से बाइक किराए पर लेकर मैनपाट घूमने गए थे. शाम के समय दोनों कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान घुनघुट्टा नदी के पुल पर पानी तेज बहाव के साथ ऊपर से गुजर रहा था. दोनों ने बाइक से पुल पार करने की कोशिश की. लेकिन बहाव की चपेट में आने से बाइक समेत नदी में गिर गए.
बहते समय दोनों ने मदद के लिए आवाज लगाई. नदी के पास रहने वाले ग्रामीण समशुद्दीन खान ने आवाज सुनते ही फौरन रस्सी लेकर मौके पर पहुंचकर बचाव शुरू किया. युवती करीब एक किलोमीटर तक बह गई थी. समशुद्दीन ने नदी के किनारे दौड़ते हुए कई बार रस्सी फेंकी. आखिरकार युवती ने रस्सी पकड़ ली और उसे मसीहा बनकर समशुद्दीन खान ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
समशुद्दीन खान ने कहा कि मुझे ख़ुशी तो है कि मैंने मेहनत कर एक युवती की जान बचाने में कामयाब रहा. मगर साथ ही दुःख भी है कि इनके साथी को नहीं बचा सका. काश दोनों की जान बचा पाती तो मुझे ज्यादा ख़ुशी होती. मेरी दुआ है कि अल्लाह उसे भी सलामत रखे.
वहीं युवक तेज बहाव में बह गया और उसका कोई पता नहीं चल सका. खबर मिलते ही कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की. एसडीआरएफ टीम को भी खबर दी गई है. रविवार सुबह फिर रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?