यूनिवर्सिटी के हॉस्टल से बी फार्मा का छात्र हुआ लापता, मारपीट का आरोप, 7 लाख के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जांच शुरू, कैंपस सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

A B. Pharma student has gone missing from a university hostel, alleged assault, and launched an investigation into an online transaction of ₹7 lakh. Questions are being raised about campus security.

यूनिवर्सिटी के हॉस्टल से बी फार्मा का छात्र हुआ लापता, मारपीट का आरोप, 7 लाख के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जांच शुरू, कैंपस सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

बिलासपुर : बिलासपुर कोटा स्थित डॉ सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास से बी-फार्मा के छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है. जिससे विश्वविद्यालय प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. लापता छात्र के परिजन गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और प्रबंधन पर लापरवाही के साथ-साथ छात्र के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है.
परिजनों के मुताबिक बिहार के गया जिले के महाबीर नगर डेल्हा निवासी अमरेन्द्र कुमार का बेटा रोहित कुमार कोटा (बिलासपुर) स्थित विश्वविद्यालय में बी-फार्मा सेमेस्टर-3 की पढ़ाई कर रहा था और यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रह रहा था. विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परिवार को जानकारी दी कि रोहित 6 मार्च 2026 से परिसर से लापता है.
परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की. लेकिन 12 मार्च तक उसका कोई सुराग नहीं मिला. इस बारे में परिजनों ने 7 मार्च को थाना कोटा, जिला बिलासपुर में लिखित सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी. इसके बावजूद छात्र का पता नहीं चल पाया है.
मारपीट और साथियों पर शक
परिजनों का आरोप है कि जब वे बेटे की तलाश में विश्वविद्यालय पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि रोहित के साथ मारपीट की गई थी. रोहित छात्रावास में कुछ सहपाठियों के साथ रहता था और उनके बीच कई बार विवाद की स्थिति भी बनती रहती थी.
शिकायत में हितेश पाण्डेय, सोहेल अली, पंकज कुमार, रश्मि बर्मा, ज्योति गुप्ता और अफाहिम लहरी के नाम का उल्लेख किया गया है. परिवार का कहना है कि इन छात्रों के साथ लगातार विवाद होने की वजह से उन्हें इस पूरे घटनाक्रम में इनकी भूमिका संदिग्ध लग रही है.
परिजनों ने संबंधित व्हाट्सएप चैटिंग और कॉल डिटेल्स भी पुलिस को उपलब्ध कराई हैं. मां को भेजा था खतरे का संदेश
परिजनों के मुताबिक लापता होने से पहले रोहित कुमार ने अपनी मां को मोबाइल से संदेश भेजकर हॉस्टल में रहने पर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी. जिससे मामले को लेकर परिवार की चिंता और बढ़ गई है.
कैंपस सुरक्षा पर सवाल
लापता छात्र के परिजनों ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि जिस छात्रावास में सैकड़ों छात्र रहते हैं. वहां निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं.
परिसर के कई हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं. बाउंड्री वॉल जर्जर हालत में है सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने से ऐसी घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. परिजनों का कहना है कि अगर परिसर में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था होती तो छात्र के अचानक गायब होने की घटना को रोका जा सकता था या उसका सुराग जल्दी मिल सकता था.
ऑनलाइन गेमिंग एंगल की भी जांच
इधर बिलासपुर पुलिस का कहना है कि लापता छात्र की तलाश जारी है. विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है.
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित ऑनलाइन गेमिंग में सक्रिय था और उसके खाते से करीब 7 लाख रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है. पुलिस इस एंगल को भी जांच के दायरे में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है. फिलहाल पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है और छात्र की तलाश तेज कर दी गई है.
यह मामला सामने आने के बाद डॉ. सीवी रमन यूनिवर्सिटी के सुरक्षा इंतजामों पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. अगर विश्वविद्यालय परिसर और छात्रावास में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर ऐसी लापरवाही बरती जा रही है. तो यह हजारों छात्रों के भविष्य और सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है. फिलहाल पुलिस से निष्पक्ष जांच और छात्र की सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद में परिवार न्याय की राह देख रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB