कॉन्स्टेबल ने किया ड्रग्स केस में अरेस्ट किये गए जिलाबदर का बर्थडे सेलिब्रेट, मोहल्ले में केक काटकर खिलाया, वीडियो वायरल होने के बाद SSP ने किया सस्पेंड
A constable celebrated the birthday of a drug offender, cutting a cake and distributing it to his neighbors. The SSP suspended him after the video went viral.
दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है. छावनी थाना में पदस्थ एक आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें वह एक जिलाबदर बदमाश के साथ जन्मदिन मनाते नजर आ रहा है. वीडियो सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया.
मिली जानकारी के मुताबिक आरक्षक नितिन सिंह राजपूत का एक वीडियो सामने आया है. जिसमें वह कुख्यात बदमाश शेख अब्बास खान के साथ केक काटते दिखाई दे रहा है. वीडियो में आरोपी का भांजा भी मौजूद बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि शेख अब्बास खान पहले ड्रग्स से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है और उस पर कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया. अधिकारियों ने इसे अनुशासनहीनता और आपराधिक तत्वों से संदिग्ध संबंध का मामला मानते हुए फौरन कार्रवाई शुरू की.
इस मामले में SSP विजय अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. जारी आदेश में साफ कहा कि आरक्षक का आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के साथ मेलजोल प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण की श्रेणी में आता है.
इस घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और आंतरिक अनुशासन पर सवाल उठने लगे हैं. आदेश में उल्लेख किया गया है कि इस तरह का व्यवहार पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाता है और जनता के बीच गलत संदेश देता है.
इस कार्रवाई के तहत आरक्षक को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग से अटैच किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उसे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा. फिलहाल पुलिस विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है और आगे और कार्रवाई की संभावना से इंकार नहीं किया गया है.
वीडियो के वायरल होने पर अब पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. आदेश में इस बात का भी उल्लेख है कि इस तरह का कृत्य पुलिस का अपराधियों के साथ मेलजोल और संदिग्ध आचरण पुलिस विभाग की छवि को खराब करता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



