दारु बिक्री पर 30 हजार जुर्माना, सूचना देने वाले को 10000 इनाम, सार्वजनिक जगह में शराब पीने पर 5 हजार अर्थदंड, पानी पाउच-डिस्पोजल बेचने पर कार्रवाई
A fine of ₹30,000 for selling liquor, a reward of ₹10,000 for the informant, a penalty of ₹5,000 for drinking in public places, and action against the sale of water pouches and disposable items.
धमतरी/भखारा : धमतरी जिला में सामाजिक अनुशासन और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए ग्राम विकास समिति सुपेला ने शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, जुआ-ताश तथा दुकानों में पानी पाउच और डिस्पोजल की बिक्री पर सख्ती का फैसला ले लिया है. ग्राम विकास समिति के पदाधिकारी और ग्रामीणों ने इन सभी फैसलों को सर्वसम्मति से पारित किया.
ग्राम विकास समिति सुपेला के फैसलों के मुताबिक शराब बेचते हुए पकड़े जाने पर 30 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा. वहीं शराब बेचने वाले की खबर देने वाले को 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा. सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीते पकड़े जाने पर 5 हजार रुपए का जुर्माना और पकड़वाने वाले को 2 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा.
इसी तरह दुकानों में पानी पाउच और डिस्पोजल बेचने पर 5 हजार रुपए का जुर्माना तय किया गया है. इसकी खबर देकर कार्रवाई करवाने वाले को 2 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा. गांव में ताश और जुआ खेलने पर भी रोक लगाने का फैसला लिया गया है.
इन फैसलों पर ग्राम विकास समिति अध्यक्ष दिग्विजयसिंह ने कहा कि समिति का मकसद गांव में शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना है. सभी ग्रामीणों से फैसलों का पालन करने और गांव के हित में मदद करने की अपील की गई है.
सचिव कन्हैया लाल साहू ने कहा कि समिति द्वारा लिए गए फैसले गांव के सभी लोगों की सहमति से लिए गए हैं. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निर्धारित जुर्माना लगाया जाएगा और खबर देने वालों की पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार इनाम दिया जाएगा.
सरपंच चेतन लाल देवांगन ने कहा कि गांव की शांति व्यवस्था बनाने और नशामुक्त गांव बनाने की तरफ एक अच्छी और बेहद जरुरी पहल है. इससे आसपास के गांव भी जागरूक होंगे.
बैठक में समिति के उपाध्यक्ष खिलावन साहू, कोषाध्यक्ष दयालु राम साहू, संरक्षक कृष्णदयाल साहू, सोनऊ राम देवांगन, अनिरुद्ध देवांगन, हितेंद्र साहू, मोहित यादव, ढाकेश्वर साहू, परमानन्द साहू, तेजराम साहू, शत्रुहन लाल देवांगन, ललित सेन, दशेलाल देवांगन, कामता देवांगन, गुमान यादव, गौतम देवांगन, रामनारायण साहू, भानुप्रताप साहू सहित बड़ी तादाद में ग्रामीण मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



