मामूली विवाद में दोस्त को चलती कार में बेरहमी से उतारा मौत के घाट, सबूत मिटाने महानदी किनारे रेत में गाड़ दिया शव, पार्षद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

A friend was brutally murdered in a moving car over a minor dispute, and the body was buried in the sand on the banks of the Mahanadi River to destroy evidence. Four accused, including a councilor, were arrested.

मामूली विवाद में दोस्त को चलती कार में बेरहमी से उतारा मौत के घाट, सबूत मिटाने महानदी किनारे रेत में गाड़ दिया शव, पार्षद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर : रायपुर से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में 22 मई से लापता युवक भुवनेश्वर यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पानी को लेकर हुए विवाद और गाली-गलौज के बाद युवक की हत्या कर उसके शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया था. इस मामले में पुलिस ने निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक नकटी गांव का निवासी मृतक भुवनेश्वर यादव उम्र 38 साल मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था. वह 22 मई से लापता था, जिसके बाद मंदिर हसौद की इंदिरा कॉलोनी निवासी ईश्वरी यादव ने 23 मई को अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कि उनके पति 22 मई की रात नोहर दास रात्रे के गोदाम से बिना किसी को बताए चले गए.
पुलिस जांच के मुताबिक वारदात के दिन मंदिर हसौद शराब भट्ठी के पीछे कुछ लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान पानी को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गाली-गलौज में बदल गया. आरोप है कि इसी विवाद के दौरान भुवनेश्वर यादव और पार्षद गोलू रात्रे के बीच तीखी बहस हुई. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने भुवनेश्वर यादव को कार में बैठाकर महासमुंद जिले के महानदी किनारे ले जाया गया. वहां उसके साथ मारपीट की गई. जिसमें उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को रेत में दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई.
पुलिस को जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर अहम सुराग मिले. इसके बाद पता चला कि मृतक आखिरी बार गोलू रात्रे और उसके साथियों के साथ शराब पीने गया था. इसके बाद से वह लापता हो गया.
जांच में यह भी सामने आया कि घटना की शाम भुवनेश्वर यादव ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी और इस दौरान पार्षद से भी पत्नी की बातचीत कराई गई थी. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह गायब हो गया. पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों के बयान के आधार पर महानदी के नांदगांव घाट क्षेत्र से शव को बरामद किया. चूंकि घटना स्थल महासमुंद जिले का है. इसलिए मामले की आगे की जांच वहां की पुलिस को सौंप दी गई है.
मामले में जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और भुवनेश्वर यादव के साथ आखिरी बार देखे गए तीनों लोगों से पूछताछ की गई. शुरुआत में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. लेकिन बाद में हत्या की बात कबूल कर ली.
उन्होंने बताया कि 22 मई की रात सभी ने नकटा गांव स्थित पार्षद नोहर दास रात्रे के गोदाम में शराब पी थी और बाद में और शराब लेने के लिए कार से महासमुंद गए थे. बेलसोंडा-नंदगांव मार्ग पर एक रेलवे क्रॉसिंग के पास विवाद के दौरान भुवनेश्वर यादव ने कथित रूप से पार्षद को अपशब्द कहे और यह कहते हुए थप्पड़ मार दिया. भुवनेश्वर यादव ने कहा कि पार्षद बनने के बाद तुम घमंडी हो गए हो.
इससे नाराज रात्रे, राजपूत और बंजारे ने यादव की पिटाई कर दी. जिससे वह अचेत हो गया. बाद में आरोपियों को एहसास हुआ कि उसकी मौत हो चुकी है. अधिकारी के मुताबिक इसके बाद रात्रे ने अपने चाचा जांगड़े को खबर दी, जिसने तीनों की मदद करते हुए नंदगांव गांव के पास महानदी के किनारे शव को दफना दिया.
आरोपी
1. नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, उम्र 35 साल निवासी इंदिरा कॉलोनी वार्ड नंबर 7 मंदिर हसौद, रायपुर
2. अमित राजपूत, उम्र 37 साल निवासी श्रीराम नगर रावणभाठा मंदिर हसौद, रायपुर
3. हेमचंद बंजारे उर्फ सोनू बंजारे, उम्र 28 साल निवासी इंदिरा कॉलोनी वार्ड नंबर 7 मंदिर हसौद, रायपुर
4. श्रवण जांगड़े, निवासी नांदगांव थाना सिटी कोतवाली महासमुंद
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t