पूजा में रैबीज संक्रमित कुत्ते के काटे बकरे की बलि, 400 गांव वालों ने खाया मांस, आज जांच के लिए लगाया जाएगा कैंप, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
A goat bitten by a rabies-infected dog was sacrificed during a puja, and 400 villagers consumed the meat. A testing camp will be set up today, causing panic among villagers.
अंबिकापुर : अंबिकापुर जिले के सरगंवा गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां आयोजित परंपरागत ‘निकाली पूजा’ के दौरान एक ऐसे बकरे की बलि दे दी गई. जिसे कुछ दिन पहले रेबीज संक्रमित कुत्ते ने काट लिया था. बलि के बाद उसी बकरे के मांस को प्रसाद के रुप में पकाकर गांव के करीब 400 ग्रामीणों में बांटा गया. घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में संक्रमण का डर व्याप्त है.
मिली जानकारी के मुताबिक सरगंवा गांव में हर तीन साल में ‘निकाली पूजा’ का आयोजन किया जाता है. इस वर्ष 28 दिसंबर को आयोजित पूजा में 12-15 बकरों की बलि दी गई और मांस पुरुषों के बीच प्रसाद के रुप में वितरित किया गया. ग्रामीणों के मुताबिक बलि दिए गए बकरों में से एक बकरा पहले से ही रेबीज संक्रमित कुत्ते के संपर्क में आ चुका था. इस बकरे का इलाज भी कराया जा रहा था. अब इस बकरे की बलि चढ़ाने और उसका मांस खाने के बाद सैकड़ों ग्रामीण डर के साए में जी रहे हैं.
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के सरपंच नारायण प्रसाद और उपसरपंच कृष्णा सिंह ने गांव के ही नान्हू रजवाड़े नामक ग्रामीण से यह बकरा खरीदा था. जिसे पहले रेबीज संक्रमित कुत्ते ने काट लिया था. बाद में यह बकरा पूजा में बलि के लिए उपयोग किया गया. ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
इस मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग को सतर्क करते हुए गांव में जांच शिविर लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं. डॉक्टरों का कहना है कि रेबीज सामान्यत: संक्रमित पशु के काटने या लार के सीधे संपर्क से फैलता है. जबकि अच्छे से पका हुआ मांस खाने से संक्रमण का खतरा बहुत कम रहता है.
पशु चिकित्सक डॉ. चंदू मिश्रा ने साफ किया कि उच्च तापमान पर पकाए गए मांस में वायरस के जीवित रहने की संभावना नगण्य होती है. फिर भी सतर्कता जरुरी है. वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि 31 दिसंबर को गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा. जिसमें प्रसाद ग्रहण करने वाले सभी लोगों की जांच की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



