रेलवे ट्रैक पर गिरी सवारियों से भरी तेज रफ्तार बस, 15 यात्री घायल, मची अफरा-तफरी, इलाज जारी, ड्राइवर मौके से फरार, स्टेयरिंग फेल बनी हादसे की वजह
A high-speed bus carrying passengers falls onto the railway track, injuring 15 passengers, causing panic, and treatment underway. The driver fled the scene. Steering failure caused the accident.
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया. जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक पर जा गिरी. हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे. घटना में कई यात्री घायल हुए. जिन्हें फौरन रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया. राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी की जान नहीं गई.
मिली जानकारी के मुताबिक पायल ट्रेवेल्स की बस दुर्ग से दल्लीराजहरा की तरफ़ जा रही थी. रास्ते में कुसुमकसा और जमही टोल प्लाजा के बीच अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया. स्टेयरिंग काम नहीं करने के कारण चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खाई में गिरते हुए रेलवे ट्रैक तक जा पहुंची. इस हादसे के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई. घटना के फौरन बाद चालक मौके से फरार हो गया.
आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को खबर दी और राहत कार्य शुरु किया. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार, सभी यात्रियों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. हादसे की वजह स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है.
इस हादसे ने एक बार फिर बसों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. चश्मदीदों के मुताबिक अगर हादसे के समय रेलवे ट्रैक पर कोई ट्रेन गुजर रही होती तो यह घटना और भी गंभीर हो सकती थी. समय रहते राहत और बचाव कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया. हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को कंट्रोल किया और रेलवे विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर ट्रैक को सुरक्षित किया. इसके बाद क्रेन की मदद से खाई में गिरी बस को बाहर निकाला गया. यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया गया. फिलहाल पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



